सोलन : पीएनबी एटीएम चोरी प्रयास में आरोपी गिरफ्तार

सोलन। धर्मपुर थाना क्षेत्र के चेवा पंचायत स्थित पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के एटीएम में चोरी के प्रयास के मामले में सोलन पुलिस ने राजस्थान के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की पहचान वीरेंद्र सिंह पूनिया (43) पुत्र बनी सिंह निवासी गांव एवं तहसील डीग, जिला डीग, राजस्थान के रूप में की है। मामले में शामिल दूसरे आरोपी की तलाश जारी है। एसपी सोलन साईं दत्तत्रेया वर्मा ने इसकी पुष्टि की है।
एसपी ने बताया कि घटना 9 और 10 अक्टूबर 2026 की मध्य रात्रि की है। इस दौरान दो व्यक्ति चेवा पंचायत स्थित पीएनबी के एटीएम कक्ष में घुसे और मशीन के कैश डिस्पेंसर वॉल्ट को तोड़कर नकदी निकालने का प्रयास किया। आरोपियों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरे, कार्ड रीडर स्लॉट और रसीद प्रिंटर पर काला रंग पोत दिया था। हालांकि, इसी दौरान एटीएम का सुरक्षा अलार्म बज गया, जिससे आरोपी अपने प्रयास में सफल नहीं हो सके और मौके से फरार हो गए। इस दौरान उन्होंने एटीएम मशीन और परिसर को काफी नुकसान पहुंचाया।
घटना के संबंध में धर्मपुर पुलिस थाना में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर नंबर 177/2026 दर्ज की गई थी। मामले की जांच के लिए धर्मपुर पुलिस और जिला साइबर सेल सोलन की संयुक्त विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण कर आरोपियों की पहचान की।
एसपी ने बताया कि पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 29 अक्टूबर को राजस्थान से वीरेंद्र सिंह पूनिया को गिरफ्तार किया। आरोपी से पूछताछ की जा रही है तथा उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। वारदात में शामिल दूसरे आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयास कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *