सोलन : नौणी विश्वविद्यालय में एबीवीपी का धरना सातवें दिन भी जारी, सचिव को हटाने की मांग

सोलन। डॉ. वाईएस परमार बागवानी एवं वानिकी विश्वविद्यालय नौणी में छात्रों की विभिन्न मांगों को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) का धरना-प्रदर्शन सातवें दिन भी जारी रहा। एबीवीपी नौणी इकाई के उपाध्यक्ष अजय यादव ने विश्वविद्यालय प्रशासन की कार्रवाई और छात्रों को जारी किए गए नोटिसों को लेकर सवाल उठाए हैं।
अजय यादव ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय के पीजी हॉस्टलों को छोड़कर अन्य हॉस्टलों में रात करीब 10 बजे वार्डन और सुरक्षा कर्मियों की ओर से कार्रवाई की जा रही है। उनका दावा है कि इस दौरान छात्रों को मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा है। एबीवीपी ने ऐसी कार्रवाई के अधिकार और प्रक्रिया को स्पष्ट करने की मांग की है।
छात्र प्रतिनिधियों का आरोप है कि आंदोलन में शामिल छात्रों को प्रशासन की ओर से एक्शन नोटिस जारी किए जा रहे हैं। संगठन ने इन नोटिसों का स्पष्ट आधार सार्वजनिक करने की मांग की है। एबीवीपी का कहना है कि छात्र हितों से जुड़े मुद्दे उठाने पर कार्रवाई करने के बजाय प्रशासन को छात्रों के साथ संवाद करना चाहिए।
छात्रों का एक प्रतिनिधिमंडल विश्वविद्यालय के कुलसचिव से भी मिला और अपनी मांगें रखीं। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने वाइस चांसलर के सचिव अरुण शर्मा से भी बातचीत की। छात्रों का दावा है कि बातचीत के दौरान अरुण शर्मा ने कथित तौर पर कहा कि वह वाइस चांसलर के निर्देशों का पालन करेंगे और यदि उन्हें किसी को गोली मारने का आदेश दिया जाए तो वह उसका भी पालन करेंगे। छात्रों ने इस कथित बयान की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
एबीवीपी ने वाइस चांसलर के सचिव अरुण शर्मा को पद से हटाने की मांग की है। संगठन का कहना है कि जब तक छात्रों की मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती और नोटिस जारी करने का आधार स्पष्ट नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से इन आरोपों पर प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *