हिमाचल प्रदेश स्टेट राइफल एसोसिएशन (एचपीएसआरए) के तत्वावधान में 31वीं हिमाचल प्रदेश राज्य निशानेबाजी चैम्पियनशिप का शुभारंभ शिमला और कैथलीघाट में हो गया। प्रतियोगिता में प्रदेशभर के राइफल, पिस्टल और शॉटगन निशानेबाज अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। यह प्रतियोगिता 14 जुलाई तक चलेगी।
एसोसिएशन के महासचिव ईश्वर रोहल ने बताया कि 10 मीटर राइफल और पिस्टल स्पर्धाएं 8 से 13 जुलाई तक इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, शिमला में आयोजित की जा रही हैं। वहीं शॉटगन, 25 मीटर पिस्टल, 50 मीटर पिस्टल तथा 50 मीटर राइफल स्पर्धाएं 9 से 13 जुलाई तक कैथलीघाट शूटिंग रेंज में होंगी। प्रतियोगिता का समापन एवं पदक वितरण समारोह 14 जुलाई को दोपहर तीन बजे इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि यह प्रतियोगिता नॉर्थ जोन, प्री-नेशनल तथा राष्ट्रीय निशानेबाजी चैम्पियनशिप-2026 में भाग लेने के इच्छुक खिलाड़ियों के लिए अनिवार्य है। इस बार केवल व्यक्तिगत स्पर्धाओं का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों का पंजीकरण एनआरएआई की ऑनलाइन प्रणाली के माध्यम से किया गया है।
प्रतियोगिता में सीनियर, जूनियर, यूथ, सब-यूथ, मास्टर्स, सीनियर मास्टर्स, सुपर मास्टर्स तथा अंडर-12 वर्गों में मुकाबले आयोजित किए जा रहे हैं। आयु वर्ग का निर्धारण 31 दिसंबर 2026 की आयु के आधार पर किया गया है। आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान आईएसएसएफ और एनआरएआई के सभी नियमों का कड़ाई से पालन किया जा रहा है। प्रतियोगिता के माध्यम से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले निशानेबाज राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए अपनी दावेदारी मजबूत करेंगे।
शिमला : 31वीं हिमाचल प्रदेश राज्य निशानेबाजी चैम्पियनशिप शुरू, 14 जुलाई तक होंगे मुकाबले