सोलन। श्री जगदम्बा रामलीला मंडल सोलन की 46 वर्षों पुरानी रामलीला परंपरा इस वर्ष भी जारी रहेगी। रामलीला मंच के निर्माण की मांग पूरी न होने के कारण मंडल ने इस बार रामलीला का मंचन नहीं करने का निर्णय लिया था। मंडल पिछले चार वर्षों से प्रशासन से स्थायी मंच निर्माण की मांग कर रहा था।
मंडल के इस निर्णय के बाद सोलन की विभिन्न धार्मिक और सामाजिक संस्थाओं, व्यापारी वर्ग, स्थानीय प्रशासन, मेयर तथा सत्ता और विपक्ष के नेताओं ने मंडल से रामलीला की परंपरा को जारी रखने का आग्रह किया। सभी की ओर से सहयोग का आश्वासन मिलने के बाद इस संबंध में संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में रामलीला का मंचन इस वर्ष भी जारी रखने पर सहमति बनी।
श्री जगदम्बा रामलीला मंडल के अध्यक्ष धर्मेंद्र ठाकुर ने बताया कि रामलीला मंच का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। प्रशासन और अन्य संस्थाओं की ओर से मंच निर्माण में सहयोग का भरोसा मिलने के बाद मंडल ने रामलीला का मंचन धूमधाम से करने का अंतिम निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि मंडल का उद्देश्य रामलीला की 46 वर्षों पुरानी परंपरा को बनाए रखना है और इसके लिए सभी का सहयोग मिलना सकारात्मक कदम है।
उन्होंने कहा कि रामलीला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सोलन की सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक एकता का भी प्रतीक है। मंच निर्माण कार्य शुरू होने से मंडल के सदस्यों और शहरवासियों में खुशी है। अब रामलीला आयोजन की तैयारियां तेज की जाएंगी।
मंडल ने प्रशासन, नगर निगम, राजनीतिक दलों, व्यापारी वर्ग तथा धार्मिक-सामाजिक संस्थाओं का सहयोग और परंपरा को बचाए रखने के प्रयास के लिए आभार जताया। इस निर्णय के बाद शहरवासियों में भी रामलीला को लेकर उत्साह बढ़ गया है। BITE – धर्मेंद्र ठाकुर अध्यक्ष श्री जगदंबा रामलीला मंडल सोलन
सोलन में रामलीला की परंपरा बरकरार