जिले में हाल ही में तीन अलग-अलग स्थानों पर ईमेल के माध्यम से मिली बम की धमकियों के बाद पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। पुलिस अधीक्षक टी. साईं दत्तात्रेय वर्मा ने बताया कि आर्मी पब्लिक स्कूल दक्षाई, नगर निगम कार्यालय सोलन और एसडीएम कार्यालय कसौली को धमकी भरे ईमेल प्राप्त हुए थे। सूचना मिलते ही रेंज की बम निरोधक टीम को मौके पर भेजा गया और तीनों स्थानों की गहन जांच कराई गई। जांच के दौरान कोई भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली।
एसपी ने बताया कि आगामी स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर जिले में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। रात के समय अतिरिक्त गश्त बढ़ाई गई है तथा सीमावर्ती क्षेत्रों में रैंडम नाकाबंदी कर वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस हर सूचना का गंभीरता से सत्यापन करती है, इसलिए लोगों को घबराने की आवश्यकता नहीं है, बल्कि सतर्क रहकर संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस को देनी चाहिए।
उन्होंने बताया कि स्थानीय थाना प्रभारियों ने विभिन्न स्कूलों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की है। स्कूल प्रबंधन को बिना अनुमति किसी भी बाहरी व्यक्ति को परिसर में प्रवेश न देने के निर्देश दिए गए हैं।
एसपी ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ सोलन पुलिस नशा और साइबर अपराध के खिलाफ भी लगातार अभियान चला रही है। हाल ही में लायंस क्लब सोलन वैली के सहयोग से आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में 8 से 9 स्कूलों के 300 से अधिक विद्यार्थियों और एनसीसी कैडेट्स को ड्रग्स के दुष्प्रभाव तथा साइबर अपराधों से बचाव के बारे में जानकारी दी गई।