सोलन में प्याज के दाम 70 रुपये किलो तक पहुंचे, नई फसल आने पर मिलेगी राहत

सोलन। सोलन सब्जी मंडी में प्याज के दामों में तेजी बनी हुई है। खुदरा बाजार में प्याज 65 से 70 रुपये प्रति किलो तक बिक रहा है, जिससे आम उपभोक्ताओं की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है। सोलन सब्जी मंडी के प्रधान गुरदीप साहनी के अनुसार, अगले 15 दिनों तक प्याज की कीमतों में राहत मिलने की संभावना कम है। राजस्थान से नई फसल की आवक बढ़ने के बाद ही दामों में गिरावट आने की उम्मीद है।
गुरदीप साहनी ने बताया कि वर्तमान में सोलन मंडी में मुख्य रूप से पुराना भंडारित प्याज पहुंच रहा है। इसकी आपूर्ति महाराष्ट्र के नासिक और मध्य प्रदेश के रतलाम सहित अन्य क्षेत्रों से हो रही है। नीमच की मंडियों में नए प्याज की आवक शुरू हो गई है, लेकिन वहां भी कीमतें ऊंची बनी हुई हैं। ऐसे में सोलन के बाजार में भी प्याज महंगा बिक रहा है।
उन्होंने बताया कि सोलन मंडी में प्याज का थोक भाव 45 से 46 रुपये प्रति किलो चल रहा है। मंडी से खरीद के बाद ढुलाई, आढ़त और मजदूरी जैसे खर्च जोड़ने पर खुदरा विक्रेताओं को प्याज लगभग 50 रुपये प्रति किलो पड़ता है। इसके बाद दुकानदार अपने अन्य खर्च और मुनाफा जोड़कर इसे 65 से 70 रुपये प्रति किलो तक बेच रहे हैं।
साहनी के मुताबिक, राजस्थान के अलवर सहित अन्य क्षेत्रों से लगभग 15 दिनों बाद नई फसल की आवक बढ़ने की संभावना है। इससे बाजार में आपूर्ति बेहतर होगी और प्याज के दाम धीरे-धीरे कम हो सकते हैं। फिलहाल उपभोक्ताओं को ऊंची कीमतों से राहत मिलने के लिए इंतजार करना पड़ सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *