लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने सोलन-सुबाथू-परवाणू मार्ग के जीर्णोद्धार को लेकर बड़ा भरोसा दिया है। करीब 65 किलोमीटर लंबे इस महत्वपूर्ण मार्ग की जर्जर स्थिति को सुधारने के लिए विभाग ने ₹23 करोड़ की डीपीआर तैयार कर योजना विभाग को भेज दी है। मंत्री ने बताया कि स्थानीय विधायक एवं स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धनीराम शांडिल ने इस परियोजना को एमएलए प्रायोरिटी के तहत नाबार्ड योजना में शामिल करवाया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री से चर्चा कर नाबार्ड की अगली किस्त में बजट स्वीकृत कराने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा, ताकि लंबे समय से खराब सड़क की समस्या से लोगों को राहत मिल सके।
विक्रमादित्य सिंह ने स्वीकार किया कि प्रदेश की आर्थिक परिस्थितियों के कारण कई विकास कार्य प्रभावित हुए हैं, लेकिन सरकार अब प्राथमिकता के आधार पर महत्वपूर्ण सड़कों के सुधार पर काम कर रही है। उन्होंने सड़क की बदहाल स्थिति पर खेद जताते हुए भरोसा दिलाया कि प्रशासनिक औपचारिकताएं जल्द पूरी कर निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। मंत्री ने कहा कि यह सड़क क्षेत्र के हजारों लोगों की जीवनरेखा है और इसे बेहतर बनाना सरकार की प्राथमिकता है। अब क्षेत्रवासियों की निगाहें बजट स्वीकृति और काम शुरू होने की समय-सीमा पर टिकी हुई हैं।
सोलन-सुबाथू मार्ग को मिलेगी नई रफ्तार, ₹23 करोड़ की डीपीआर तैयार; जल्द शुरू होगा जीर्णोद्धार