मिड-डे मील कार्यकर्ताओं का तीन माह से वेतन लंबित, आंदोलन की चेतावनी

मिड-डे मील कार्यकर्ताओं ने तीन माह से लंबित वेतन को जल्द जारी करने की मांग उठाई है। मिड-डे मील यूनियन की राज्य कोषाध्यक्ष सपना ठाकुर की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने उपायुक्त के माध्यम से शिक्षा निदेशक को ज्ञापन भेजकर अपनी मांगों से अवगत करवाया।
ज्ञापन में कार्यकर्ताओं ने कहा कि पिछले तीन महीनों से वेतन न मिलने के कारण उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। रक्षाबंधन जैसे महत्वपूर्ण त्योहार के समय वेतन लंबित होने से परिवारों का खर्च चलाना मुश्किल हो गया है। कार्यकर्ताओं ने सरकार से मांग की है कि त्योहार से पहले उनका लंबित वेतन जारी किया जाए, ताकि उन्हें आर्थिक राहत मिल सके।
सपना ठाकुर ने कहा कि मिड-डे मील कार्यकर्ता लंबे समय से अपनी सेवाएं पूरी जिम्मेदारी के साथ दे रहे हैं। स्कूलों में बच्चों को भोजन उपलब्ध करवाने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाने के बावजूद उनकी आर्थिक स्थिति को लेकर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले करीब 12 वर्षों से बजट में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है। ऐसे में बढ़ती महंगाई को देखते हुए मिड-डे मील कार्यकर्ताओं के मानदेय में सम्मानजनक वृद्धि किया जाना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि मौजूदा महंगाई में सीमित मानदेय से घर का खर्च चलाना लगातार चुनौतीपूर्ण होता जा रहा है। त्योहारों के दौरान खर्च बढ़ने से कार्यकर्ताओं की परेशानी और बढ़ जाती है।
यूनियन ने सरकार और संबंधित विभाग से लंबित वेतन का जल्द भुगतान करने तथा मानदेय में उचित बढ़ोतरी की मांग की है। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो ब्लॉक और जिला स्तर पर आंदोलन शुरू किया जाएगा। इसके तहत धरना-प्रदर्शन सहित अन्य लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज करवाया जाएगा। कार्यकर्ताओं ने सरकार से मांगों पर गंभीरता से विचार कर जल्द समाधान करने की अपील की है।