त्योहारों के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरी और अस्वच्छता के खिलाफ सोलन नगर निगम क्षेत्र में विशेष अभियान शुरू किया है। खाद्य सुरक्षा विभाग के सहायक आयुक्त डॉ. अतुल कैस्थ ने बताया कि निदेशालय से मिले निर्देशों के बाद दुकानों, रेस्टोरेंट और मिठाई विक्रेताओं का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है।
अभियान के पहले दिन एक रेस्टोरेंट से पनीर और दूध के सैंपल लेकर जांच के लिए एनएबीएल मान्यता प्राप्त निजी प्रयोगशालाओं में भेजे गए। निरीक्षण के दौरान स्वच्छता संबंधी कमियां मिलने पर प्रबंधन को वेज और नॉनवेज खाद्य पदार्थ अलग-अलग रखने के निर्देश दिए गए। वहीं एक ही रेफ्रिजरेटर में रखे करीब 20 से 25 किलो खाद्य पदार्थ मौके पर नष्ट करवाए गए।
एक मिठाई की दुकान से पनीर और बेसन बर्फी के सैंपल लिए गए, जबकि दुकानदार को 14 दिन के भीतर कमियां दूर कर अनुपालन रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए। दूसरे दिन भी मुख्य बाजार में कार्रवाई करते हुए पनीर और कलाकंद के सैंपल लिए गए। अनंत कॉम्प्लेक्स में वेज और नॉनवेज खाद्य पदार्थ एक ही रेफ्रिजरेटर में रखे मिलने पर उन्हें नष्ट करवाया गया। यहां से रेड चिली सॉस का सैंपल भी लिया गया।
डॉ. कैस्थ ने बताया कि प्रदेश में एनालॉग पनीर की बिक्री, भंडारण, परिवहन और प्रदर्शन पर एक वर्ष के लिए प्रतिबंध लगाया गया है। पिछले दो दिनों में कुल नौ सैंपल लिए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि आगामी त्योहारों को देखते हुए अभियान जारी रहेगा।
विभाग ने दुकानदारों को कर्मचारियों के लिए हेडगियर व दस्ताने अनिवार्य करने, कच्चे और तैयार खाद्य पदार्थ अलग रखने तथा खाद्य सामग्री को ढककर रखने की हिदायत दी है।