सोलन। नगर निगम सोलन शहर की सफाई व्यवस्था और राजस्व प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए नई डिजिटल पहल शुरू करने की तैयारी कर रहा है। इसके तहत शहर के सभी पंजीकृत मकानों के बाहर डिजिटल प्लेटें लगाने का प्रस्ताव रखा गया है। इस व्यवस्था के माध्यम से हाउस टैक्स, कूड़ा शुल्क और घरों से कूड़ा उठाने वाले सफाई कर्मचारियों की कार्यप्रणाली पर नजर रखी जाएगी।
नगर निगम के डिप्टी मेयर गौरव राजपूत ने बताया कि डिजिटल प्लेटों के माध्यम से प्रत्येक पंजीकृत भवन के हाउस टैक्स की बकाया राशि और कूड़ा शुल्क के लंबित बिलों का पूरा रिकॉर्ड उपलब्ध रहेगा। इससे नगर निगम और भवन मालिकों के बीच भुगतान संबंधी जानकारी में पारदर्शिता आएगी। साथ ही लोगों को भविष्य में नगर निगम से एनओसी लेने और अन्य प्रशासनिक कार्यों को पूरा करवाने में भी सुविधा मिलेगी।
उन्होंने बताया कि योजना के शुरुआती चरण में इसे लागू कर इसके परिणामों का आकलन किया जाएगा। इस सुविधा का लाभ केवल नगर निगम में पंजीकृत भवनों को मिलेगा। इसके लिए शहरवासियों से नगर निगम कार्यालय के कमरा नंबर 102 में जाकर अपने मकानों का पंजीकरण करवाने की अपील की गई है।
डिप्टी मेयर के अनुसार, प्रस्तावित डिजिटल व्यवस्था के माध्यम से घर-घर कूड़ा उठाने वाले सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति की भी निगरानी की जाएगी। इससे पता लगाया जा सकेगा कि कर्मचारी नियमित रूप से घरों तक पहुंचकर कूड़ा उठा रहे हैं या नहीं। इससे सफाई व्यवस्था में जवाबदेही सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
इसके अलावा नगर निगम खुले में कूड़ा फेंकने वालों के खिलाफ भी सख्ती बरतेगा। सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने वालों के चालान किए जाएंगे। नगर निगम का उद्देश्य डिजिटल तकनीक के माध्यम से शहर की सफाई व्यवस्था को व्यवस्थित करना, राजस्व वसूली में पारदर्शिता लाना और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाना है।
सोलन में घरों के बाहर लगेंगी डिजिटल प्लेटें, हाउस टैक्स से लेकर सफाई व्यवस्था तक होगी ऑनलाइन निगरानी