सोलन रेलवे स्टेशन और रेल सुरंग के भीतर पालतू पशुओं के लगातार पहुंचने की शिकायतों के बाद पशुपालन विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। विभाग ने पशुओं के रेलवे परिसर में प्रवेश को रोकने और यात्रियों व रेल यातायात की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए स्थानीय पुलिस को लिखित शिकायत सौंपी है।
पशुपालन विभाग के उप-निदेशक डॉ. विवेक लांबा ने बताया कि रेलवे स्टेशन मास्टर की ओर से दो बार विभाग को सूचना दी गई कि पालतू पशु रेलवे परिसर और रेल सुरंग के भीतर पहुंच रहे हैं। गर्मी के मौसम में बाहर तापमान अधिक होने के कारण सुरंग के भीतर अपेक्षाकृत ठंडा वातावरण रहता है। इसी कारण पशु गर्मी से बचने के लिए सुरंग में जाकर बैठ रहे हैं और वहां उगने वाली घास चर रहे हैं।
डॉ. लांबा ने बताया कि सुरंग में पशुओं की मौजूदगी रेलगाड़ियों की आवाजाही के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ये पशु बेसहारा नहीं हैं, बल्कि इनके कानों में सरकारी टैग लगे हुए हैं। टैग नंबर के आधार पर विभाग के पास पशुओं के मालिकों के नाम, पते और मोबाइल नंबर सहित पूरा रिकॉर्ड उपलब्ध है।
उन्होंने बताया कि स्टेशन मास्टर से सूचना मिलने के बाद विभाग ने संबंधित पशुपालकों से फोन पर संपर्क कर उन्हें अपने पशुओं को खुला न छोड़ने और रेलवे परिसर से दूर रखने की हिदायत दी थी। इसके बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हुआ।
डॉ. लांबा ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुसार रेलवे स्टेशन, अस्पताल और स्कूल जैसे संवेदनशील सार्वजनिक स्थानों पर पशुओं का विचरण नहीं होना चाहिए। पशुपालकों की ओर से लगातार लापरवाही बरते जाने के बाद विभाग ने स्थानीय पुलिस को लिखित शिकायत दी है।
विभाग ने पुलिस से संबंधित पशु मालिकों को बुलाकर कड़ी चेतावनी देने और रेलवे परिसर में पशुओं की आवाजाही रोकने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया है। विभाग का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा और रेल यातायात को सुचारू बनाए रखना प्राथमिकता है। BITE – Dr vivek lamba Deputy director
सोलन रेलवे स्टेशन पर घूम रहे पालतू पशुओं पर विभाग सख्त, पुलिस में शिकायत