सोलन में मां शूलिनी मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, अटूट आस्था के साथ भक्तों ने किए दर्शन

सोलन। शारदीय नवरात्र की अष्टमी के पावन अवसर पर सोलन स्थित मां शूलिनी मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही माता के दर्शन के लिए भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। सोलन शहर के लोगों के साथ-साथ दूरदराज के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां शूलिनी के दरबार में शीश नवाने पहुंचे। मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा और श्रद्धालुओं ने माता से परिवार की सुख-समृद्धि तथा खुशहाली की कामना की।
सोलन की स्थानीय निवासी कल्पना ठाकुर ने नवरात्र के अवसर पर सभी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस बार अष्टमी और नवमी तिथि एक साथ पड़ने के कारण मंदिर में श्रद्धालुओं की विशेष भीड़ देखने को मिल रही है। उन्होंने बताया कि सुबह से ही भक्त दर्शन के लिए कतारों में खड़े हैं और देर रात तक श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। उन्होंने कहा कि मां शूलिनी के आशीर्वाद से नवरात्र का पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ है। माता के प्रति लोगों की गहरी आस्था है और भक्त विश्वास के साथ अपनी मनोकामनाएं लेकर यहां पहुंचते हैं।
स्थानीय निवासी राजेश ने बताया कि वह बचपन से ही लगातार मां शूलिनी के मंदिर में दर्शन करने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि सोलन के लोगों के जीवन में मां शूलिनी का विशेष स्थान है। शहरवासी किसी भी नए या शुभ कार्य की शुरुआत करने से पहले माता का आशीर्वाद लेना अपनी परंपरा मानते हैं। किसी भवन या अन्य कार्य की नींव रखने से पहले भी मां के दरबार में शीश नवाकर अनुमति और आशीर्वाद प्राप्त किया जाता है।
राजेश ने कहा कि नवरात्र के दौरान दूर-दूर से आने वाले श्रद्धालु अनुशासन के साथ कतारों में लगकर दर्शन कर रहे हैं। मां शूलिनी के प्रति लोगों की यह अटूट आस्था सोलन की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को दर्शाती है। श्रद्धालुओं ने माता से शहर और प्रदेश की सुख-समृद्धि तथा सभी के कल्याण की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *