सोलन। महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर नगर निगम सोलन की ओर से शुक्रवार को मॉल रोड पर ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान की शुरुआत की गई। अभियान के तहत नगर निगम की महापौर सुषमा शर्मा, डिप्टी मेयर गौरव राजपूत सहित अधिकारियों और कर्मचारियों ने मॉल रोड पर सफाई अभियान चलाया। इस दौरान लोगों को स्वच्छता बनाए रखने और कूड़े का उचित निस्तारण करने के प्रति जागरूक किया गया।
नगर निगम की ओर से गांधी जयंती के अवसर पर शुरू किया गया यह विशेष स्वच्छता अभियान आगामी एक माह तक शहर के सभी वार्डों में चलाया जाएगा। अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों की सफाई के साथ-साथ लोगों को घरों और दुकानों से निकलने वाले कूड़े को निर्धारित तरीके से निस्तारित करने के लिए जागरूक किया जाएगा। नगर निगम का उद्देश्य शहर में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के साथ लोगों को स्वच्छता के प्रति जिम्मेदार बनाना है।
महापौर सुषमा शर्मा और डिप्टी मेयर गौरव राजपूत ने कहा कि गांधी जयंती के अवसर पर मॉल रोड से स्वच्छता अभियान की शुरुआत की गई है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। लोगों की सक्रिय भागीदारी से ही स्वच्छता अभियान को प्रभावी बनाया जा सकता है।
महापौर ने बताया कि आने वाले समय में सोलन शहर में चार प्रकार के कूड़े को अलग-अलग श्रेणियों में एकत्रित और सग्रीगेट किया जाएगा। इससे कूड़े के उचित निस्तारण और प्रबंधन को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से निकलने वाले कूड़े को अलग-अलग करके नगर निगम की व्यवस्था के अनुसार ही दें।
नगर निगम ने शहरवासियों से स्वच्छता अभियान में सहयोग देने और सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा न फैलाने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि सामूहिक प्रयासों से सोलन को स्वच्छ और सुंदर शहर बनाने का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।