सोलन। शहर की बदहाल सड़कों और जगह-जगह बने गहरे गड्ढों को लेकर स्थानीय व्यापारियों में रोष बढ़ता जा रहा है। लिबास गारमेंट्स के व्यापारी विजय दुग्गल ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए सड़कों की जल्द मरम्मत करवाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि शहर की सड़कों पर बने गड्ढे वाहन चालकों के लिए खतरा बन चुके हैं और किसी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं।
विजय दुग्गल ने बताया कि प्रशासन की ओर से कुछ स्थानों पर गड्ढों को भरने का काम किया गया है, लेकिन केवल पैचवर्क से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा। शहर में कोर्ट परिसर से बाहर निकलने वाली सड़क, एसबीआई बैंक के सामने, दवा इंडिया के समीप, पतंजलि के सामने थोडो ग्राउंड की ओर जाने वाली सड़क, पुराना बस स्टैंड और कुमार बेकर्स के आसपास की सड़कें खस्ताहाल हैं।
उन्होंने कहा कि सड़कों की खराब स्थिति का सबसे अधिक खतरा दोपहिया वाहन चालकों को रहता है। गड्ढों के कारण वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो सकते हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अधिकारी बड़ी गाड़ियों में सफर करते हैं, इसलिए उन्हें आम लोगों की परेशानियों का सही अंदाजा नहीं हो पाता।
विजय दुग्गल ने मांग की कि सड़कों की मरम्मत के साथ नालियों और ड्रेनेज व्यवस्था को भी दुरुस्त किया जाए, ताकि पानी के कारण सड़कें दोबारा खराब न हों। उन्होंने सुझाव दिया कि मरम्मत कार्य के दो महीने बाद प्रशासन को दोबारा सर्वे करवाकर सड़कों की स्थिति जांचनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता को सुरक्षित सड़कें उपलब्ध करवाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।