सोलन की जनसमस्याओं को लेकर भाजपा शहरी मंडल अध्यक्ष शैलेंद्र ने उठाए सवाल

सोलन। भाजपा शहरी मंडल अध्यक्ष शैलेंद्र ने शहर की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर प्रशासन और संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि शहर में कई ऐसी समस्याएं हैं, जिनके कारण आम लोगों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन संबंधित विभाग इनके समाधान को लेकर गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं।
उन्होंने तहसील कार्यालय में अधिकारियों की अनुपस्थिति का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इससे अपने जरूरी कार्यों के लिए कार्यालय पहुंचने वाले लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने प्रशासनिक जांच से संबंधित जानकारी लीक होने के मामले पर भी सवाल उठाए और इसे केंद्रीय सिविल सेवा (सीसीएस) नियमों के उल्लंघन से जोड़ते हुए जांच की मांग की।
शैलेंद्र ने क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में बंद पड़े ऑक्सीजन प्लांट को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी ऐसी महत्वपूर्ण सुविधाओं का बंद रहना गंभीर विषय है। अस्पताल प्रशासन को प्लांट की स्थिति स्पष्ट कर इसे जल्द चालू करवाने के लिए कदम उठाने चाहिए।
इसके अलावा उन्होंने शहर में सीवरेज लीकेज की समस्या पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि सीवरेज की गंदगी से लोगों को असुविधा होने के साथ स्वच्छता व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है।
शैलेंद्र ने प्रशासन और संबंधित विभागों से इन समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने तथा जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *