सोलन अस्पताल में पर्ची शुल्क के विरोध में भाजपा, स्वास्थ्य मंत्री पर साधा निशाना

सोलन क्षेत्रीय अस्पताल में पर्ची पर एक रुपये शुल्क लगाने के फैसले का भाजपा सोलन शहरी मंडल ने विरोध किया है। मंडल अध्यक्ष शैलेंद्र ने प्रदेश सरकार और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धनीराम शांडिल के इस निर्णय को जनविरोधी करार दिया।
शैलेंद्र ने कहा कि अस्पताल में पर्ची बनवाने के लिए मरीजों को चार से पांच घंटे तक लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ता है। लाइन कम करने के समाधान के बजाय अस्पताल प्रशासन ने पर्ची पर शुल्क लगा दिया, जो उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि मरीजों को बेहतर सुविधा देने के लिए व्यवस्था में सुधार किया जाना चाहिए।
भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि अस्पताल में कई जरूरी दवाइयां मरीजों को मुफ्त उपलब्ध नहीं हो रही हैं। वहीं, आंखों के ऑपरेशन के लिए फेको मशीन खरीदने को रोगी कल्याण समिति में पिछले तीन वर्षों से अधिक समय से धनराशि जमा है, लेकिन मशीन की खरीद नहीं हो सकी है।
उन्होंने कहा कि अस्पताल का नया भवन भी निर्धारित समय पर पूरा नहीं हो पाया है। शैलेंद्र ने स्वास्थ्य मंत्री पर सोलन की स्वास्थ्य व्यवस्था की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि अस्पताल प्रशासनिक अव्यवस्था से जूझ रहा है।
भाजपा ने मांग की कि पर्ची शुल्क का फैसला तुरंत वापस लिया जाए। शैलेंद्र ने चेतावनी दी कि निर्णय वापस नहीं लिया गया तो भाजपा आंदोलन और उग्र प्रदर्शन करेगी। BITE – शैलेंद्र अध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी सोलन शहरी मंडल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *