सोलन के मॉल रोड पर चोरी का प्रयास, सुरक्षा गार्ड की सतर्कता से बचा नुकसान

सोलन। शहर के व्यस्त मॉल रोड स्थित आरएसएम हॉटस्पॉट प्राइवेट लिमिटेड में देर रात चोरी के प्रयास का मामला सामने आया है। स्टोर के शटर का ताला तोड़कर अंदर घुसे संदिग्धों ने चोरी करने की कोशिश की, लेकिन सुरक्षा गार्ड की मुस्तैदी के चलते बड़ा नुकसान होने से बच गया।
संस्थान से जुड़े अंकु ने बताया कि घटना रात करीब 3:30 बजे की है। उस समय ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड ने फोन कर सूचना दी कि तीन से चार संदिग्ध स्टोर के आसपास मौजूद हैं। इनमें से दो लोग शटर के बाहर निगरानी कर रहे थे, जबकि दो अन्य ताला तोड़कर स्टोर के अंदर दाखिल हो गए थे।
सूचना मिलते ही अंकु मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक संदिग्ध वहां से फरार हो चुके थे। उन्होंने बताया कि सुरक्षा गार्ड की सतर्कता के कारण स्टोर को किसी बड़े नुकसान से बचाया जा सका।
अंकु के अनुसार, घटना की सूचना उसी रात पुलिस को दे दी गई थी और एफआईआर भी दर्ज करवाई गई। इसके साथ ही स्टोर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी पुलिस को सौंप दी गई है। हालांकि, उनका कहना है कि शिकायत दर्ज करवाने के बाद अभी तक पुलिस की ओर से कार्रवाई को लेकर कोई विशेष जानकारी नहीं मिली है।
मॉल रोड जैसे प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र में चोरी के प्रयास की घटना से व्यापारियों की चिंता बढ़ गई है। अंकु ने शहर के व्यापारियों से अपील की कि वे अपनी दुकानों और प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखें तथा सीसीटीवी कैमरों और अन्य सुरक्षा उपायों पर विशेष ध्यान दें, ताकि ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *