सोलन सेब मंडी में इन दिनों सेब की आवक तेज हो गई है। मंडी के एसएफटी नंबर 112 पर सोमवार को करीब 4,000 पेटियों की आवक दर्ज की गई, जो इस सीजन की अब तक की सबसे बड़ी आवक बताई जा रही है। बाजार में सेब के दामों में फिलहाल स्थिरता बनी हुई है, जबकि बेहतर गुणवत्ता वाले सेब को अच्छे भाव मिल रहे हैं।
मंडी में गोल्डन सेब 800 से 1,200 रुपये प्रति पेटी तक बिक रहा है, जबकि ओलावृष्टि से प्रभावित सेब को 1,000 से 1,500 रुपये तक का भाव मिल रहा है। साफ और ताजा सेब का भाव करीब 3,000 रुपये प्रति पेटी तक पहुंच गया है। वहीं, नेट और सेपरेटर के साथ बेहतरीन ट्रे-पैकिंग में आए उच्च गुणवत्ता वाले सेब को अधिकतम 3,300 रुपये प्रति पेटी तक का भाव मिला। हालांकि, छोटे आकार के सिक्स लेयर पित्तू सेब की मांग अपेक्षाकृत कम है।
मंडी जिला के सिराज क्षेत्र के छतरी निवासी बागवान संजय शर्मा ने बताया कि ओलावृष्टि से प्रभावित फसल के कारण किसानों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। बाहरी खरीदार ऐसे सेब को खरीदने में कम रुचि दिखाते हैं। उन्होंने एंटी-हेल नेट पर मिलने वाली सरकारी सब्सिडी में देरी पर चिंता जताते हुए कहा कि यदि समय पर सब्सिडी उपलब्ध हो तो छोटे और मध्यम बागवान भी अपने बगीचों को ओलावृष्टि से बचाने के लिए नेट लगा सकते हैं।
संजय शर्मा करीब एक माह से सोलन मंडी में कारोबार कर रहे हैं। उनकी तीसरी गाड़ी से अब तक करीब 300 पेटियां बिक चुकी हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में बाजार में केवल गुणवत्तापूर्ण सेब की मांग बढ़ेगी। कश्मीर में आधुनिक रूटस्टॉक पर बड़े पैमाने पर बाग विकसित हो रहे हैं, जिससे हिमाचली बागवानों के सामने प्रतिस्पर्धा और बढ़ेगी। ऐसे में बागवानों को गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देना होगा। BITE – संजय शर्मा छतरी निवासी जिला मंडी
सोलन मंडी में 3300 रुपये तक पहुंचा सेब का भाव, एंटी-हेल नेट सब्सिडी में देरी से बागवान चिंतित