सोलन शहर और राष्ट्रीय राजमार्ग के आसपास बढ़ रहे अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। उपमंडलाधिकारी सोलन नीरजा शर्मा ने अतिक्रमणकारियों से स्वयं अपने कब्जे हटाने की अपील करते हुए चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
एसडीएम ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के आदेशों और उच्च अधिकारियों के निर्देशों के तहत राष्ट्रीय राजमार्ग के आसपास से अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया जा रहा है। पिछले महीने प्रशासन ने दुकानदारों और अन्य अतिक्रमणकारियों को मौखिक रूप से सरकारी भूमि खाली करने की चेतावनी दी थी। इसके बावजूद कब्जे नहीं हटाने वालों के खिलाफ अब कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे किसी भी प्रकार की व्यावसायिक गतिविधि की अनुमति नहीं है। उन्होंने लोगों से कानून का पालन करते हुए स्वयं अतिक्रमण हटाने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की, ताकि यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो और लोगों को सुरक्षित आवाजाही की सुविधा मिल सके।
एसडीएम नीरजा शर्मा ने बताया कि अब सोलन शहर के मुख्य बाजार को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए 1 से 3 सितंबर तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान नगर निगम, राजस्व विभाग और अन्य संबंधित विभागों की संयुक्त टीमें कार्रवाई करेंगी। बाजार के रास्तों, फुटपाथों और सरकारी भूमि पर किए गए अवैध कब्जे हटाए जाएंगे।
उन्होंने दुकानदारों और रेहड़ी-फड़ी संचालकों से अपील की कि जिन्होंने सार्वजनिक रास्तों या सरकारी जमीन पर सामान फैलाकर या दुकानें आगे बढ़ाकर अतिक्रमण किया है, वे 1 सितंबर से पहले स्वयं जगह खाली कर दें। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय के बाद प्रशासन को अतिक्रमण हटाने के लिए सख्त कार्रवाई करनी पड़ेगी।
गौरतलब है कि सोलन में अतिक्रमण के खिलाफ यह पहला अभियान नहीं है। इससे पहले भी नगर निगम बाजार क्षेत्र में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाकर चालान काट चुका है, जबकि प्रशासन ने ‘अतिक्रमण मुक्त सोलन’ मुहिम के तहत भी कई दिनों तक विशेष कार्रवाई की थी, बावजूद इसके शहर में अतिक्रमण की समस्या बार-बार सामने आती रही है।