सोलन। सोलन नगर निगम के वार्ड नंबर छह के निवासी गौरव सभरवाल ने केसर की खेती के क्षेत्र में अपनी मेहनत और नवाचार के दम पर अंतरराष्ट्रीय पहचान बनाई है। हाल ही में इटली की राजधानी रोम में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल के नेतृत्व में गए 12 सदस्यीय भारतीय स्टार्टअप प्रतिनिधिमंडल में गौरव हिमाचल प्रदेश के एकमात्र प्रतिनिधि रहे।
गौरव की इस उपलब्धि पर नगर निगम सोलन के डिप्टी मेयर गौरव राजपूत और वार्ड नंबर छह की पार्षद रेखा साहनी ने उन्हें सम्मानित किया। दोनों जनप्रतिनिधियों ने गौरव को मिठाई खिलाकर बधाई दी और अंतरराष्ट्रीय मंच पर सोलन व हिमाचल का प्रतिनिधित्व करने पर खुशी जताई।
गौरव के अनुसार, इटली में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए देशभर से करीब 300 स्टार्टअप ने आवेदन किया था, जिनमें से 12 का चयन हुआ। रोम में भारतीय प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात इटली के स्टार्टअप से करवाई गई और व्यापारिक सहयोग के अवसर तलाशे गए। इस दौरान गौरव को अंतरराष्ट्रीय बाजार, ग्राहकों से जुड़ने और आधुनिक एग्रीटेक तकनीक को समझने का अवसर मिला।
गौरव ने वर्ष 2023 में केसर की खेती शुरू की थी। शुरुआती दौर में आर्थिक संसाधनों की कमी के चलते उन्होंने प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (पीएमईजीपी) के तहत 10 लाख रुपये का ऋण लिया। शुरुआत में बीज खराब होने और नुकसान की आशंका जैसी चुनौतियां भी सामने आईं, लेकिन उन्होंने प्रयास जारी रखे। अब वह केसर की चौथी फसल ले रहे हैं।
गौरव ने बताया कि इटली में उन्नत कृषि और खाद्य प्रसंस्करण तकनीक को करीब से देखने का मौका मिला। प्रतिनिधिमंडल ने ऐसी तकनीकों को भारत में विकसित करने और मेक इन इंडिया को बढ़ावा देने पर भी चर्चा की।
सोलन के गौरव सभरवाल ने इटली में चमकाया हिमाचल का नाम, केसर खेती से बनाई अंतरराष्ट्रीय पहचान