सोलन : सेना पर बयान को लेकर बोले स्वास्थ्य मंत्री धनीराम शांडील, विवाद समाप्त करने की अपील

सोलन। सेना और राफेल से जुड़े एक राजनीतिक बयान को लेकर उठे विवाद पर प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धनीराम शांडील ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि संबंधित नेता की मंशा कभी भी भारतीय सेना के सम्मान और मनोबल को ठेस पहुंचाने की नहीं हो सकती। उन्होंने लोगों से इस मामले को अधिक तूल न देने और विवाद को समाप्त करने की अपील की।
सोलन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया है। व्यस्तता के चलते उन्हें अभी तक पूरा बयान पढ़ने का अवसर नहीं मिला है, लेकिन यदि किसी नेता ने आवेश में आकर कोई बात कह भी दी है तो उसे क्षमा कर देना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सेना के प्रति गलत मंशा रखने का सवाल ही नहीं उठता।
शांडील ने कहा कि संबंधित नेता वरिष्ठ और अनुभवी हैं। संभव है कि किसी परिस्थिति या आवेश में उनके मुंह से ऐसी बात निकल गई हो। ऐसे मामलों को अनावश्यक रूप से बढ़ाने के बजाय आपसी समझ और संयम से सुलझाना चाहिए। उन्होंने कहा कि आजकल सोशल मीडिया के दौर में कोई भी बयान तेजी से वायरल हो जाता है और कई बार उसके अलग-अलग अर्थ निकाल लिए जाते हैं।
स्वास्थ्य मंत्री ने अपनी बात रखते हुए संत कबीर के दोहे ‘ऐसी वाणी बोलिए मन का आपा खोए, औरन को शीतल करे, आपहु शीतल होए’ का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि व्यक्ति को किसी भी विषय पर अपनी प्रतिक्रिया देने से पहले संयम और शांति बनाए रखनी चाहिए। वाणी में मर्यादा और व्यवहार में शालीनता जरूरी है।
उन्होंने कहा कि भारतीय सेना देश का गौरव है और उसका सम्मान सभी को करना चाहिए। राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन सेना के सम्मान और मनोबल से जुड़े विषयों पर सभी को संवेदनशीलता बरतनी चाहिए। उन्होंने अपील की कि इस मामले को यहीं समाप्त कर दिया जाए और विवाद को आगे न बढ़ाया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *