सोलन। प्रदेश में सड़कों की खस्ताहाल स्थिति और मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता को लेकर लोक निर्माण विभाग ने गंभीरता दिखाई है। लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने अधिकारियों को सड़कों के रखरखाव और पैचवर्क के कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। नौणी पंचायत के पूर्व प्रधान मदन हिमाचली ने मंत्री के निर्देशों और क्षेत्र में चल रहे सड़क सुधार कार्यों की जानकारी साझा की।
मदन हिमाचली के अनुसार सड़कों की मरम्मत के दौरान गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि लोक निर्माण मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि पैचवर्क का कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप किया जाए और सड़कों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए। इससे सड़कों की स्थिति में सुधार आने के साथ लोगों को आवाजाही में राहत मिल सकेगी।
उन्होंने बताया कि सोलन में उपायुक्त कार्यालय के समीप नाली बंद होने के कारण गंदा पानी सड़कों पर बहने और दुर्गंध फैलने का मामला भी सामने आया था। इस समस्या को लेकर संबंधित अधिकारियों ने संज्ञान लिया है। नालियों की उचित सफाई और पानी की निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया है, ताकि राहगीरों और स्थानीय लोगों को परेशानी न हो।
मदन हिमाचली ने बताया कि सपाटू रोड सहित क्षेत्र की अन्य सड़कों पर भी मरम्मत और सुधार कार्य करवाए जा रहे हैं। इन कार्यों की गुणवत्ता की नियमित जांच करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि पैचवर्क अधिक समय तक टिकाऊ रहे और दोबारा सड़कें खराब होने की समस्या न आए।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में वित्तीय संकट के कारण तारकोल की उपलब्धता प्रभावित हो रही है। इस समस्या को दूर करने के लिए लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान से भी बातचीत की है। इसका उद्देश्य प्रदेश में मेटलिंग और टारिंग के कार्यों के लिए पर्याप्त तारकोल उपलब्ध करवाना है, ताकि सड़क निर्माण और मरम्मत के कार्य बिना रुकावट जारी रह सकें।