सोलन :ओछघाट के टटुल में 200 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, तीन घायल, चालक आईजीएमसी शिमला रेफर

सोलन। सोलन के ओछघाट क्षेत्र के टटुल के समीप एक कार अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार तीन लोग घायल हो गए। दुर्घटना में चालक को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि अन्य दो सवारों को हल्की चोटें लगी हैं। गंभीर रूप से घायल चालक को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चालक ने शूलिनी क्षेत्र से कार ली थी। बताया जा रहा है कि हादसे के समय चालक ने शराब का सेवन किया हुआ था। इसी वजह से वह वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और कार सड़क से फिसलकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद घायलों को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल सोलन पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने चालक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया, जबकि अन्य दो घायलों का उपचार किया गया।
हादसे को लेकर शराब के सेवन की बात सामने आई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। मामले में आगामी कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *