सोलन के नए अस्पताल को विवाद का मुद्दा न बनाएं, जल्द शुरू हों मल्टी-स्पेशलिटी सेवाएं: डॉ. राजेश कश्यप

सोलन। भाजपा नेता डॉ. राजेश कश्यप ने सोलन में निर्माणाधीन नए अस्पताल को लेकर कांग्रेस नेताओं से राजनीति से ऊपर उठकर जल्द स्वास्थ्य सेवाएं शुरू करवाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि नए अस्पताल को विवाद का कारण बनाने के बजाय इसे आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं से लैस कर जल्द जनता को समर्पित किया जाना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी किसी भी नेता के प्रति व्यक्तिगत टिप्पणी नहीं है, बल्कि उनका उद्देश्य सोलन की स्वास्थ्य व्यवस्था को बेहतर बनाना है।
डॉ. कश्यप ने अस्पताल निर्माण के बजट में हुई बढ़ोतरी पर सवाल उठाते हुए कहा कि 910 के तहत बन रहे इस प्रोजेक्ट के बजट में 90 करोड़ रुपये से अधिक की वृद्धि हुई है। उनके अनुसार, परियोजना में देरी भी इसका एक प्रमुख कारण हो सकती है। उन्होंने कहा कि यदि अस्पताल का निर्माण कार्य पूरा करवाने के लिए कोई समिति गठित की जाती है तो वह उसमें पूरा सहयोग देने के लिए तैयार हैं।
अस्पताल परियोजना की पृष्ठभूमि का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सोलन के पुराने अस्पताल में मरीजों की बढ़ती संख्या के कारण जगह की कमी महसूस की जा रही थी। इसी समस्या को देखते हुए नए अस्पताल की परिकल्पना की गई थी। पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के कार्यकाल में मातृ एवं शिशु अस्पताल (एमसीएच) के लिए पर्याप्त भूमि उपलब्ध करवाई गई थी, जहां भवन का निर्माण किया गया है। इसके साथ ही आवासीय परिसर बनाने की भी योजना है।
डॉ. कश्यप ने कहा कि नए अस्पताल का उद्देश्य केवल पुराने अस्पताल को दूसरी जगह शिफ्ट करना नहीं होना चाहिए, बल्कि इसे वास्तविक मल्टी-स्पेशलिटी अस्पताल के रूप में विकसित किया जाना चाहिए। यहां न्यूरोलॉजी, कार्डियोलॉजी, गैस्ट्रोएंटरोलॉजी और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए विशेषज्ञ चिकित्सक और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि सोलन में रोबोटिक सर्जरी जैसी आधुनिक तकनीक भी शुरू की जानी चाहिए। इससे स्थानीय मरीजों को बेहतर उपचार मिलेगा और उन्हें इलाज के लिए शिमला या अन्य बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *