कोल डैम। हिमाचल प्रदेश के कोल डैम में करीब 35 यात्रियों की जान उस समय खतरे में पड़ गई, जब बीच पानी में अचानक नाव का एक हिस्सा टूट गया। नाव में सवार महिला, पुरुष और बच्चों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, नाव किसी तरह सुरक्षित किनारे तक पहुंच गई और सभी 35 यात्रियों की जान बच गई। गनीमत रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।
जानकारी के अनुसार गांव वोही, ग्राम पंचायत बैरल, तहसील दाड़लाघाट के करीब 35 महिला-पुरुष नाव के माध्यम से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान जब नाव कोल डैम के बीचोंबीच पहुंची तो अचानक उसका एक हिस्सा टूट गया। इससे नाव डगमगाने लगी और उसमें पानी भरने अथवा नाव के पलटने का खतरा पैदा हो गया। नाव की स्थिति बिगड़ती देख उसमें सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। विशेषकर महिलाओं और बच्चों में दहशत का माहौल बन गया। कुछ समय के लिए यात्रियों को अपनी जान बचाना मुश्किल नजर आने लगा।
हालांकि, नाव चालक की सूझबूझ और प्रयासों से नाव को किसी तरह सुरक्षित किनारे तक पहुंचा लिया गया। इसके बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली। सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल आए। इस घटना के बाद लोगों में नाव की स्थिति और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
घटना ने जल परिवहन के दौरान सुरक्षा इंतजामों पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि बीच डैम में नाव का हिस्सा कैसे टूट गया? क्या यात्रियों को बैठाने से पहले नाव की तकनीकी जांच की गई थी? इसके अलावा नाव में सवार लोगों की संख्या निर्धारित क्षमता के अनुरूप थी या नहीं, यह भी जांच का विषय है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाओं को गंभीरता से लिया जाना चाहिए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे को रोका जा सके। प्रशासन को नावों की नियमित जांच और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने चाहिए।
कोल डैम में बड़ा हादसा टला, नाव का हिस्सा टूटने से 35 यात्रियों की जान पर बनी आफत