सोलन : मेरा कैफे और फूड यूनिट्स से बढ़ा महिलाओं का स्वावलंबन

सोलन। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार की ओर से शुरू की गई योजनाओं के सकारात्मक परिणाम सामने आने लगे हैं। सोलन में संचालित ‘मेरा कैफे एवं प्रीमियम स्टोर’ को लोगों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। जिला विकास अधिकारी रमेश शर्मा ने बताया कि इस कैफे एवं प्रीमियम स्टोर का शुभारंभ 30 जुलाई 2026 को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने किया था। शुरुआत की तुलना में अब स्टोर की बिक्री में कई गुना वृद्धि हुई है।
उन्होंने बताया कि कैफे में महिलाओं द्वारा तैयार किए गए हस्तनिर्मित उत्पादों की काफी मांग है। इसके अलावा पारंपरिक हिमाचली व्यंजनों को भी लोग पसंद कर रहे हैं। अब सरकारी बैठकों के लिए भी महिला समूहों को भोजन तैयार करने और आपूर्ति के ऑर्डर मिल रहे हैं, जिससे उनकी आमदनी में इजाफा हो रहा है।
रमेश शर्मा ने बताया कि महिलाओं की आजीविका को मजबूत करने के लिए स्वास्थ्य मंत्री ने कंडाघाट और स्लोड़ा में इंटीग्रेटेड फार्मिंग क्लस्टर्स का उद्घाटन किया है। यहां स्थापित फूड प्रोसेसिंग यूनिट्स में अचार, चटनी, टोमेटो केचप, टमाटर प्यूरी, अदरक और लहसुन का पेस्ट तैयार किया जाएगा। इन उत्पादों को बाजार में बिक्री के लिए उपलब्ध करवाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि विभाग का उद्देश्य महिलाओं का कौशल विकास कर उन्हें रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाना और उनकी आय बढ़ाना है। उन्होंने लोगों से कैफे पहुंचकर स्थानीय उत्पाद खरीदने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *