सोलन। प्रथम पातशाही श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व (गुरुपर्व) के पावन अवसर पर गुरुद्वारा धर्मपुर साहिब से भव्य नगर कीर्तन का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। इस धार्मिक आयोजन में क्षेत्र की संगत ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। नगर कीर्तन के दौरान पूरा क्षेत्र गुरु नानक देव जी के जयकारों और गुरबाणी से भक्तिमय नजर आया।
गुरुद्वारा धर्मपुर साहिब के मुख्य सेवादार कमलजीत सिंह ने इस अवसर पर समस्त संगत को गुरुपर्व की बधाई दी और आयोजन की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि नगर कीर्तन गुरुद्वारा साहिब से आरंभ होकर बीएसएफ चौक से होते हुए कसौली चौक तक पहुंचा। इसके बाद नगर कीर्तन वापस गुरुद्वारा धर्मपुर साहिब लौटा। रास्ते में श्रद्धालुओं ने पूरी श्रद्धा के साथ नगर कीर्तन में हिस्सा लिया और गुरु साहिब के प्रति अपनी आस्था प्रकट की।
नगर कीर्तन के दौरान क्षेत्र में सर्वधर्म समभाव और आपसी भाईचारे की सुंदर मिसाल देखने को मिली। स्थानीय निवासियों के साथ विभिन्न धर्मों के लोगों ने भी नगर कीर्तन का गर्मजोशी से स्वागत किया। जगह-जगह श्रद्धालुओं के लिए लंगर की व्यवस्था की गई, जिसमें लोगों ने मिल-जुलकर सेवा की और प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान संगत ने श्री गुरु नानक देव जी के बताए मार्ग पर चलने तथा उनके उपदेशों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
मुख्य सेवादार कमलजीत सिंह ने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी ने हमेशा मानवता, समानता, सेवा, प्रेम और भाईचारे का संदेश दिया। उनके उपदेश आज भी समाज को एकजुट रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी लोगों से आपसी मतभेद भुलाकर प्रेम और सद्भाव के साथ रहने की अपील की।
उन्होंने कहा कि गुरुपर्व के शेष कार्यक्रमों को भी इसी प्रकार मिल-जुलकर और उत्साह के साथ मनाया जाएगा, ताकि गुरु साहिब की शिक्षाओं और आपसी भाईचारे का संदेश समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंच सके। नगर कीर्तन के आयोजन से धर्मपुर क्षेत्र में धार्मिक और उत्साहपूर्ण माहौल बना रहा।
सोलन : धर्मपुर में गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर निकला भव्य नगर कीर्तन, संगत ने दिया भाईचारे का संदेश