सोलन। भाजपा सोलन शहरी मंडल अध्यक्ष शैलेंद्र ने हिमाचल प्रदेश में नकली और संदिग्ध दवाइयों के कारोबार को लेकर चिंता जताते हुए प्रदेश सरकार और संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में दवाइयों की गुणवत्ता और आम जनता के स्वास्थ्य से जुड़ा यह मामला गंभीर है और इस पर प्रभावी कार्रवाई की आवश्यकता है।
उन्होंने नालागढ़ में जब्त की गई संदिग्ध दवाइयों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इस तरह के मामले हिमाचल प्रदेश के फार्मा उद्योग की साख को प्रभावित कर सकते हैं। प्रदेश में बड़ी संख्या में दवा उद्योग संचालित हैं और उनकी विश्वसनीयता बनाए रखना बेहद जरूरी है। उन्होंने ड्रग कंट्रोलर विभाग और जिला प्रशासन से दवाइयों की गुणवत्ता की नियमित जांच करने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की।
शैलेंद्र ने सरकारी अस्पतालों में मरीजों को मुफ्त दवाइयां उपलब्ध करवाने में आ रही परेशानियों का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में आवश्यक दवाइयों की कमी से आम लोगों को आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने प्रदेश सरकार से स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने, दवाइयों की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने और नकली दवाइयों के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की।
उन्होंने कहा कि जनता के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए।