सोलन में खाटू श्याम मंदिर निर्माण का भूमि पूजन, 33 बिस्वा भूमि पर बनेगा भव्य धाम

सोलन। देवउठनी एकादशी और बाबा खाटू श्याम के जन्मोत्सव के पावन अवसर पर सोलन के कथेर बायपास में भव्य खाटू श्याम मंदिर निर्माण का शुभारंभ भूमि पूजन और शुद्धिकरण हवन के साथ किया गया। मंदिर का निर्माण वेयरहाउस और स्कूल के समीप स्थित 33 बिस्वा भूमि पर किया जाएगा। इस अवसर पर ट्रस्ट की ओर से मंदिर निर्माण स्थल पर आधिकारिक बोर्ड भी स्थापित किया गया।
श्री श्याम परिवार ट्रस्ट सोलन के प्रधान त्रिलोक अग्रवाल और चेयरमैन राकेश अग्रवाल ने बताया कि शहरवासियों के सहयोग से मंदिर निर्माण के लिए 33 बिस्वा भूमि 1 करोड़ 1 लाख रुपये में खरीदी गई है। इस भूमि की रजिस्ट्री और इंतकाल भी ट्रस्ट के नाम पर पूरा हो चुका है। उन्होंने बताया कि मंदिर के भव्य निर्माण पर करीब एक करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि खर्च होने का अनुमान है। भूमि पूजन और हवन के माध्यम से निर्माण कार्य का पहला चरण पूरा कर लिया गया है। जल्द ही मंदिर का निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
चेयरमैन राकेश अग्रवाल ने बताया कि मंदिर निर्माण कार्य को सुचारू रूप से पूरा करने के लिए जल्द ही विभिन्न समितियों का गठन किया जाएगा। उन्होंने सोलन शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों के श्रद्धालुओं से इस धार्मिक कार्य में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि श्रद्धालु नकद दान, गुप्त दान अथवा भवन निर्माण सामग्री के माध्यम से अपना योगदान दे सकते हैं। इच्छुक श्रद्धालु ट्रस्ट के सदस्यों से संपर्क कर सकते हैं।
वहीं, ट्रस्ट की सदस्य शिविका गुप्ता और चेयरमैन राकेश अग्रवाल ने देवउठनी एकादशी और बाबा श्याम के जन्मोत्सव की सभी श्रद्धालुओं को बधाई दी। उन्होंने बताया कि जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में मुरारी मार्केट स्थित दुर्गा भवन में भव्य भजन संकीर्तन का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने शहरवासियों से परिवार सहित कार्यक्रम में पहुंचकर बाबा श्याम का आशीर्वाद प्राप्त करने का आग्रह किया। मंदिर निर्माण की पहल से क्षेत्र के श्रद्धालुओं में उत्साह है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *