सोलन। शहर के सनी साइड क्षेत्र में आवारा कुत्तों का आतंक बढ़ता जा रहा है। सनसेट पार्क के सामने आवारा कुत्तों के झुंड ने एक छोटी बच्ची पर हमला कर उसे घायल कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस समस्या का जल्द समाधान करने की मांग उठाई है।
जानकारी के अनुसार, सनसेट पार्क के सामने 10 से 12 आवारा कुत्तों के झुंड ने बच्ची सानवी को घेरकर हमला कर दिया। इस दौरान तीन कुत्तों ने बच्ची को काट लिया, जिससे उसके शरीर पर तीन जगह दांतों के निशान पड़ गए। बच्ची के भाई निशांत ने बताया कि कुत्तों के झुंड ने अचानक हमला किया।
निशांत के अनुसार, सनी साइड और सनसेट पार्क के आसपास बड़ी संख्या में आवारा कुत्ते घूमते रहते हैं। इस क्षेत्र में रोजाना कई बच्चे आते-जाते हैं और पार्क के आसपास खेलते हैं। ऐसे में कुत्तों के झुंड के कारण बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि भविष्य में किसी बच्चे के साथ कोई बड़ा हादसा होता है तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा।
परिजनों के अनुसार, इस समस्या को लेकर संबंधित अधिकारियों से संपर्क किया गया है। प्रशासन की ओर से मामले पर संज्ञान लेकर जल्द उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया गया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से आवारा कुत्तों की समस्या का स्थायी समाधान करने और क्षेत्र में बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। BITE – निशांत , सानवी का भाई