सोलन। शहर के पुराने उपायुक्त कार्यालय के समीप फैली गंदगी को लेकर नौणी पंचायत के पूर्व प्रधान मदन हिमाचली ने चिंता जताई है। उन्होंने इस स्थिति को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए शहरवासियों से सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न फेंकने की अपील की। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखना केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का भी कर्तव्य है।
मदन हिमाचली ने कहा कि 21वीं सदी में भी सड़कों और सार्वजनिक स्थलों पर बेतरतीब तरीके से कचरा फेंकना उचित नहीं है। गंदगी चाहे पंचायत क्षेत्र में हो या शहर में, इससे आसपास का वातावरण दूषित होता है और लोगों को भी परेशानी झेलनी पड़ती है। उन्होंने नगर निगम सोलन के स्वच्छता प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि शहर को साफ रखने के लिए सामूहिक सहयोग जरूरी है।
उन्होंने बताया कि शहर में कचरा फैलने के कारणों को लेकर नगर निगम के पार्षदों और अध्यक्ष से भी चर्चा की गई है। इस दौरान सामने आया कि कुछ लोग लापरवाही से जगह-जगह कचरा फेंक रहे हैं। शहर को स्वच्छ बनाने के उद्देश्य से विशेष सफाई अभियान भी शुरू किया गया है।
मदन हिमाचली ने शहर में चल रहे निर्माण कार्यों का उल्लेख करते हुए ठेकेदारों से नालियों की निकासी व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि वह विकास कार्यों के विरोधी नहीं हैं, लेकिन निर्माण के दौरान नालियों को बंद नहीं किया जाना चाहिए। पानी की निकासी बाधित होने से गंदा पानी सड़कों पर फैलता है और गंदगी बढ़ती है।
उन्होंने शहरवासियों, नगर निगम और निर्माण कार्यों से जुड़े लोगों से मिलकर प्रयास करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि सभी का साझा संकल्प ‘सुंदर सोलन, स्वस्थ सोलन’ होना चाहिए।
सोलन : पुराने डीसी कार्यालय के पास गंदगी पर मदन हिमाचली ने जताई चिंता, शहरवासियों से स्वच्छता बनाए रखने की अपील