सोलन में बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं पर भाजपा का प्रदर्शन, ऑक्सीजन प्लांट और अस्पताल निर्माण पर उठाए सवाल

सोलन। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाल स्थिति और नए अस्पताल के निर्माण में हो रही देरी को लेकर भाजपा ने प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर स्वास्थ्य मंत्री एवं स्थानीय विधायक की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। इस दौरान अस्पताल में दवाओं की कमी, बंद पड़े ऑक्सीजन प्लांट, सफाई व्यवस्था और अधूरे अस्पताल भवन का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया।
भाजपा सोलन शहरी मंडल अध्यक्ष शैलेंद्र ने आरोप लगाया कि कोविड काल में प्रधानमंत्री के प्रयासों से सोलन, नालागढ़ और परवाणू में स्थापित तीनों ऑक्सीजन प्लांट बंद पड़े हैं। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में पिछले छह महीनों से शुगर, ब्लड प्रेशर, पैरासिटामोल और पेंटाप्रोजोल जैसी सामान्य दवाएं भी मरीजों को उपलब्ध नहीं हो रही हैं। इसके अलावा निजी कंपनियों के माध्यम से मिलने वाली मुफ्त जांच सुविधा भी प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि दो वर्ष पहले तैयार होने वाला अस्पताल भवन अभी तक अधूरा है।
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष रश्मिधर सूद ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री के गृह जिले में ही स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति चिंताजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि ऑपरेटरों की कमी के कारण ऑक्सीजन प्लांट बंद हैं और अस्पताल में सफाई व्यवस्था भी चरमरा गई है। मरीजों के बैठने तक की उचित व्यवस्था नहीं है तथा लोगों को लंबी कतारों में परेशान होना पड़ रहा है।
भाजपा नेता डॉ. राजेश कश्यप ने नए अस्पताल के 120 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि इसमें 90 प्रतिशत राशि केंद्र सरकार की ओर से स्वीकृत है, जबकि राज्य सरकार को 10 प्रतिशत हिस्सा देना है। उन्होंने परियोजना की लागत बढ़ने पर निष्पक्ष जांच की मांग की। साथ ही उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा द्वारा स्वीकृत एमआरआई मशीन स्थापित करने के लिए जरूरी भवन, बिजली और पानी की व्यवस्था भी नहीं की गई है। भाजपा नेताओं ने सरकार से स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार और निर्माण कार्य जल्द पूरा करवाने की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *