सोलन। प्री-स्कूल एसोसिएशन हिमाचल प्रदेश के जनरल सेक्रेटरी शोभित बहल ने 3 से 6 वर्ष की आयु के बच्चों के अभिभावकों से दाखिले से पहले स्कूल की ईसीसीई (ECCE) मान्यता और पंजीकरण की जांच करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बिना मान्यता वाले प्री-स्कूलों में दाखिला करवाने से बच्चों का शैक्षणिक वर्ष प्रभावित हो सकता है। इस संबंध में आयोजित प्रेस वार्ता में एसोसिएशन की अध्यक्ष रचना धारीवाल और उपाध्यक्ष वंदना भी मौजूद रहीं।
शोभित बहल ने बताया कि उच्च न्यायालय के आदेशों के अनुसार बिना ईसीसीई मान्यता वाले स्कूलों में कक्षाएं संचालित करने पर रोक है। ऐसे में अभिभावकों को दाखिले से पहले स्कूल की मान्यता सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि बाद में स्कूल में कक्षाएं संचालित नहीं हो पाती हैं तो बच्चों को दूसरे मान्यता प्राप्त स्कूल में दाखिला लेने में परेशानी हो सकती है। साथ ही फीस वापसी को लेकर भी अभिभावकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।
उन्होंने प्री-स्कूल संचालकों से भी अपील की कि वे पंजीकरण प्रक्रिया पूरी किए बिना बच्चों के दाखिले न लें। हिमाचल प्रदेश सरकार के ईसीसीई अधिनियम के तहत एक कक्षा में अधिकतम 20 बच्चों को ही बैठाया जा सकता है। इसके लिए एक शिक्षक और एक आया की नियुक्ति अनिवार्य है।
उन्होंने कहा कि स्कूलों को बच्चों की सुरक्षा और सुविधाओं से जुड़े निर्धारित मानकों को भी पूरा करना होगा। इनमें अलग प्रवेश एवं निकास द्वार तथा अलग खेल मैदान जैसी व्यवस्थाएं शामिल हैं। उन्होंने स्कूल प्रबंधनों से नियमों का पालन करने और अभिभावकों से बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए सोच-समझकर दाखिला करवाने का आग्रह किया।
सोलन: प्री-स्कूल में दाखिले से पहले जांचें ECCE मान्यता, अभिभावकों को शोभित बहल ने किया सतर्क