सोलन: आचार्य केशवराम शर्मा की जयंती पर संस्कृत महाविद्यालय में दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी शुरू

सोलन। राजकीय संस्कृत महाविद्यालय सोलन में महान संस्कृत विद्वान एवं राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित स्वर्गीय प्रोफेसर आचार्य केशवराम शर्मा की जयंती के अवसर पर दो दिवसीय राष्ट्रीय स्तरीय संगोष्ठी का आयोजन किया जा रहा है। 16 और 17 नवंबर को आयोजित इस संगोष्ठी में देश के विभिन्न क्षेत्रों से विद्वान, शोधार्थी और संस्कृत साहित्य के जानकार भाग ले रहे हैं। संगोष्ठी का उद्देश्य आचार्य केशवराम शर्मा के जीवन, व्यक्तित्व और साहित्यिक योगदान पर चर्चा करना तथा उनके अप्रकाशित साहित्य को शोध के माध्यम से सामने लाना है।
इस कार्यक्रम का आयोजन हिमाचल संस्कृत अकादमी, श्री लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय संस्कृत विद्यापीठ और राजकीय संस्कृत महाविद्यालय सोलन के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।
महाविद्यालय के सह आचार्य डॉ. दिनेश शर्मा ने बताया कि आचार्य केशवराम शर्मा भारतीय संस्कृत परंपरा के प्रतिष्ठित विद्वान थे। उन्हें महामहोपाध्याय सहित ‘श्री हर्ष’, ‘जगन्नाथ’ और ‘अभिनव कालिदास’ जैसी अनेक उपाधियों से सम्मानित किया गया था। उन्होंने अपने जीवनकाल में लगभग 31 पुस्तकों की रचना की। संगोष्ठी में उनके प्रकाशित और अप्रकाशित साहित्य, विचारों तथा शैक्षणिक योगदान पर विस्तार से चर्चा की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन शोधार्थियों और संस्कृत साहित्य में रुचि रखने वाले लोगों के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा।
वहीं, डॉ. विनय कुमार शर्मा ने बताया कि संगोष्ठी में दिल्ली सहित हिमाचल प्रदेश के विभिन्न जिलों से विद्वान शामिल हुए हैं। इसमें ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से शोध पत्रों का वाचन किया जा रहा है। विभिन्न सत्रों में विद्वान अपने शोध निष्कर्ष और विचार प्रस्तुत कर रहे हैं। शोध पत्रों के माध्यम से गुरु-शिष्य परंपरा सहित संस्कृत साहित्य और भारतीय ज्ञान परंपरा से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया जा रहा है।
दो दिवसीय इस संगोष्ठी के माध्यम से आचार्य केशवराम शर्मा के साहित्यिक और शैक्षणिक योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के साथ संस्कृत भाषा एवं साहित्य के अध्ययन और अनुसंधान को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जा रहा है। BITE – डॉ दिनेश शर्मा सहचार्य संस्कृत महाविद्यालय सोलन, डॉ विनय कुमार शर्मा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *