सोलन। हिमाचल प्रदेश में पुलिस सहित अन्य शारीरिक भर्ती परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को बेहतर प्रदर्शन के साथ चोटों से बचाने के लिए सोलन के फिजियोथेरेपिस्ट एवं हाइड्रोथेरेपिस्ट डॉ. कुशल तिवारी ने महत्वपूर्ण सुझाव दिए हैं। उन्होंने कहा कि 100, 800 और 1500 मीटर दौड़ के अलावा हाई जंप और लॉन्ग जंप जैसे इवेंट में हिस्सा लेने वाले अभ्यर्थियों के लिए सही खानपान, नियमित अभ्यास और वैज्ञानिक तरीके से वॉर्मअप करना बेहद जरूरी है।
डॉ. तिवारी ने बताया कि अभ्यर्थी ऊर्जा बनाए रखने के लिए संतुलित आहार लें और किसी भी एनर्जी सप्लीमेंट का इस्तेमाल करने से पहले उसकी गुणवत्ता और एंटी-डोपिंग मानकों की जानकारी अवश्य प्राप्त करें। उन्होंने ब्लैक कॉफी सहित अन्य खाद्य विकल्पों के इस्तेमाल में व्यक्तिगत स्वास्थ्य और सहनशीलता का ध्यान रखने की सलाह दी।
उन्होंने कहा कि दौड़ से पहले ब्रीदिंग एक्सरसाइज, डायनेमिक स्ट्रेचिंग और मोबिलिटी अभ्यास करना चाहिए। स्प्रिंटिंग के दौरान हाथों और पैरों के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखना भी जरूरी है। लंबे समय तक बैठने के बाद अचानक तेज दौड़ लगाने से बचना चाहिए तथा अभ्यास के दौरान पर्याप्त पानी पीना चाहिए।
उन्होंने बताया कि भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं में शिन पेन, एंकल इंजरी, घुटनों में दर्द और स्ट्रेस फ्रैक्चर जैसी समस्याएं सामने आती हैं। अचानक चोट और सूजन होने पर चिकित्सकीय सलाह के अनुसार ठंडी सिकाई की जा सकती है, जबकि बिना सूजन वाली मांसपेशियों की जकड़न में गर्म सिकाई लाभदायक हो सकती है। लगातार दर्द को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
डॉ. कुशल तिवारी ने बताया कि सोलन में अभ्यर्थी फिटनेस और इंजरी प्रिवेंशन संबंधी मार्गदर्शन के लिए उनसे नि:शुल्क परामर्श ले सकते हैं। उन्होंने युवाओं से अपील की कि भर्ती की तैयारी में जल्दबाजी करने के बजाय सुरक्षित अभ्यास और स्वास्थ्य को प्राथमिकता दें।
सोलन : भर्ती अभ्यर्थियों को डॉ. कुशल तिवारी ने दिए फिटनेस और चोट से बचाव के सुझाव