सोलन : परवाणू में पुलिस नाके पर बैरिकेड्स तोड़कर भागी कार, बाइक को मारी टक्कर

सोलन। परवाणू बाईपास बैरियर पर पुलिस नाके के दौरान एक काली कार के चालक ने रुकने के बजाय बैरिकेड्स तोड़कर भागने का प्रयास किया। इस दौरान कार की चपेट में एक बाइक भी आ गई। घटना में बड़ा हादसा होने से टल गया। पुलिस ने पीछा कर कुछ दूरी पर चालक को पकड़ लिया है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस ने नशे की रोकथाम के लिए परवाणू बाईपास बैरियर पर नाका लगाया हुआ था। इसी दौरान एक काली कार को जांच के लिए रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय पीछे की ओर दौड़ा दी और एक बाइक को टक्कर मार दी।
इसके बाद मौके पर मौजूद चार से पांच लोगों ने बैरिकेड्स लगाकर कार को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने तेज रफ्तार में बैरिकेड्स को टक्कर मारकर तोड़ दिया और वहां से भागने लगा। घटना के दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई और वहां मौजूद लोगों की जान भी खतरे में पड़ सकती थी।
हालांकि, पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कार का पीछा किया और कुछ दूरी पर चालक को पकड़ लिया। आरोपी शिमला का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। फिलहाल चालक ने पुलिस नाके पर रुकने के बजाय भागने का प्रयास क्यों किया, इसकी जांच की जा रही है। गनीमत रही कि इस घटनाक्रम में किसी बड़े जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *