सोलन : सोनिया गांधी की किताब पर राजनीति करना उचित नहीं, मोदी जब किताब लिखेंगे तब भाजपा करे विरोध : विक्रमादित्य सिंह

सोलन। प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने सोनिया गांधी की जीवनी को लेकर भाजपा की ओर से की जा रही बयानबाजी पर पलटवार किया है। कुनिहार में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जीवनी और विचार लिखने का स्वतंत्र अधिकार है। इसे राजनीतिक विवाद का विषय बनाना उचित नहीं है।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि सोनिया गांधी का देश की राजनीति में लंबा अनुभव रहा है और वह कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष भी रह चुकी हैं। उन्होंने कहा कि गांधी परिवार ने देश के लिए बड़ी कुर्बानियां दी हैं। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और राजीव गांधी ने देश के लिए अपने प्राण न्योछावर किए। ऐसे में सोनिया गांधी ने अपने अनुभवों और भावनाओं को पुस्तक के माध्यम से साझा किया है तो भाजपा को इससे परेशानी क्यों हो रही है।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जब भविष्य में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सत्ता से बाहर होकर अपनी किताब लिखेंगे, तब भाजपा को विरोध और बयानबाजी करनी चाहिए। फिलहाल इस विषय पर राजनीति करने का कोई औचित्य नहीं है।
प्रदेश सरकार के कामकाज पर उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग के तहत करीब 10 हजार करोड़ रुपये के विकास कार्य प्रगति पर हैं। उन्होंने बताया कि हाल ही में राष्ट्रपति की ओर से प्रदेश लोक निर्माण विभाग को सम्मानित किया गया है। यह विभाग की कार्यकुशलता का प्रमाण है। उन्होंने भाजपा नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष को प्रदेश में हो रहे विकास कार्य दिखाई नहीं दे रहे हैं और सरकार को घेरने के लिए उनके पास कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *