सोलन। सोलन सब्जी मंडी में इन दिनों राजस्थान, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश से प्याज की आवक हो रही है। अलग-अलग राज्यों से पहुंच रही प्याज की किस्मों के दामों में अंतर देखने को मिल रहा है। राजस्थान के अलवर से आने वाला प्याज अन्य किस्मों के मुकाबले सस्ता बिक रहा है, जबकि नासिक और मध्य प्रदेश से आने वाले लाल प्याज के भाव मजबूत बने हुए हैं।
मंडी व्यापारी सौरभ वर्मा के अनुसार, अलवर से पहुंच रहा प्याज इन दिनों 35 से 40 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव पर बिक रहा है। इस प्याज के जल्दी खराब होने की संभावना के चलते इसके दाम अन्य किस्मों की तुलना में कम हैं। वहीं, महाराष्ट्र के नासिक और मध्य प्रदेश से आने वाले लाल प्याज की कीमत 45 से 49 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच रही है। बेहतर गुणवत्ता और बाजार में मांग के चलते इन किस्मों के भाव अपेक्षाकृत अधिक बने हुए हैं।
व्यापारी ने बताया कि इससे पहले जब सोलन मंडी में अलवर से छोटे आकार का प्याज (गोलियां) पहुंचा था, तब बाजार में इसके दाम काफी नीचे गिर गए थे। उस दौरान छोटे प्याज की कीमत 4 से 6 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गई थी। हालांकि, वर्तमान में मंडी में प्याज का सामान्य कारोबार 35 से 48 रुपये प्रति किलोग्राम के आसपास बना हुआ है।
उन्होंने बताया कि अलग-अलग राज्यों से प्याज की आवक और उसकी गुणवत्ता के आधार पर कीमतों में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। आने वाले दिनों में प्याज के दामों में हल्की नरमी आने की संभावना जताई जा रही है। बाजार के मौजूदा रुझान के अनुसार, कीमतें 30 से 40 रुपये प्रति किलोग्राम के दायरे में आ सकती हैं।
फिलहाल उपभोक्ताओं को अलग-अलग किस्मों के प्याज के लिए गुणवत्ता के अनुसार अलग-अलग कीमत चुकानी पड़ रही है। मंडी में आवक और मांग के आधार पर आगामी दिनों में भाव की स्थिति स्पष्ट होगी।