सोलन : साढ़े चार बजे खाली मिला सोलन तहसील कार्यालय, जनता को नहीं मिले अधिकारी-कर्मचारी

सोलन। सरकारी कार्यालयों में आम जनता के काम समय पर पूरे करने और अधिकारियों व कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन की ओर से निर्देश जारी किए जाते हैं, लेकिन सोलन तहसील कार्यालय का सामने आया एक वीडियो इन व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर रहा है। वीडियो में शाम करीब साढ़े चार बजे तहसील कार्यालय लगभग खाली नजर आ रहा है। कार्यालय में अधिकारियों और कर्मचारियों की कुर्सियां खाली पड़ी हैं, जबकि मौके पर केवल एक चपरासी मौजूद दिखाई दे रहा है।
जानकारी के अनुसार, यह वीडियो तहसील कार्यालय में अपने किसी जरूरी काम के सिलसिले में पहुंचे एक व्यक्ति ने अपने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड किया है। व्यक्ति जब कार्यालय पहुंचा तो उसे वहां संबंधित अधिकारी और कर्मचारी अपनी सीटों पर मौजूद नहीं मिले। इसके बाद उसने कार्यालय में मौजूद चपरासी से अन्य कर्मचारियों और अधिकारियों के बारे में जानकारी मांगी। इस पर चपरासी ने जवाब दिया कि सभी अभी निकल गए हैं।
इस घटनाक्रम के सामने आने के बाद सरकारी कार्यालयों में कार्यप्रणाली और कर्मचारियों की समयबद्ध उपस्थिति को लेकर सवाल उठने लगे हैं। सोलन तहसील कार्यालय में राजस्व संबंधी विभिन्न कार्यों के लिए शहर के साथ-साथ दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों से भी लोग पहुंचते हैं। कई लोगों को अपने जरूरी दस्तावेज तैयार करवाने, प्रमाण पत्र बनवाने और अन्य सरकारी प्रक्रियाओं को पूरा करने के लिए कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ते हैं। ऐसे में यदि निर्धारित कार्यालय समय के दौरान अधिकारी और कर्मचारी अपनी सीटों पर उपलब्ध नहीं मिलते हैं तो लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
लोगों का सवाल है कि जब सरकारी कार्यालयों में जनता के काम के लिए निर्धारित समय तय है, तो उस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों की मौजूदगी सुनिश्चित करना किसकी जिम्मेदारी है? दूरदराज से किराया और समय खर्च कर पहुंचने वाले लोगों को बिना काम करवाए वापस लौटना पड़े तो इसकी जवाबदेही कौन तय करेगा?
अब इस मामले में जिला प्रशासन की भूमिका पर नजरें टिकी हैं। देखना होगा कि वीडियो का संज्ञान लेकर प्रशासन जांच करवाता है या नहीं और कार्यालय में कर्मचारियों की उपस्थिति को लेकर क्या कदम उठाए जाते हैं। संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों का पक्ष सामने आने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *