सोलन : हिमाचल प्रदेश की बेटी निहारिका राणा ने अंतरराष्ट्रीय खेल जगत में इतिहास रच दिया है। कजाकिस्तान की राजधानी अस्ताना में 4 से 9 नवंबर 2026 तक आयोजित 17वीं सीनियर वर्ल्ड कुराश चैंपियनशिप में कांगड़ा की निहारिका राणा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। इस उपलब्धि के साथ वह विश्व कुराश चैंपियनशिप में पदक जीतने वाली हिमाचल प्रदेश की पहली खिलाड़ी बन गई हैं। इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में लगभग 70 देशों और छह महाद्वीपों के खिलाड़ियों ने भाग लिया। इतने बड़े वैश्विक मंच पर निहारिका की यह उपलब्धि हिमाचल प्रदेश के खेल इतिहास में एक नया अध्याय है।
इस उपलब्धि की जानकारी हिमाचल प्रदेश कुराश एसोसिएशन के कार्यकारी अध्यक्ष अशोक चौहान ने दी। उन्होंने बताया कि निहारिका राणा ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए प्रदेश और देश का गौरव बढ़ाया है। निहारिका राणा को हिमाचल प्रदेश में कुराश खेल के संस्थापक एवं कोच वीरेंद्र सिंह धौलटा प्रशिक्षण देते हैं। उन्होंने निहारिका की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि निहारिका ने बेहद शानदार खेल दिखाया है। यह पदक केवल एक खिलाड़ी की उपलब्धि नहीं, बल्कि हिमाचल में कुराश के विकास और वर्षों की मेहनत का परिणाम है।
गौरतलब है कि इस विश्व चैंपियनशिप में वीरेंद्र सिंह धौलटा स्वयं भी इंटरनेशनल टेक्निकल ऑफिशियल के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। हिमाचल प्रदेश से किसी कुराश अधिकारी का इस स्तर की विश्व चैंपियनशिप में तकनीकी अधिकारी की भूमिका निभाना भी प्रदेश के लिए गौरव की बात है।
हिमाचल कुराश एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष हरदेव नेगी, तकनीकी निदेशक धानी राम, वरिष्ठ उपाध्यक्ष टी.एस. नेगी तथा उपाध्यक्ष पंकज धौंटा ने भी भारतीय टीम और निहारिका राणा को इस शानदार उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने उम्मीद जताई कि भारतीय खिलाड़ी भविष्य में भी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश के लिए पदक जीतकर हिमाचल और भारत का नाम रोशन करेंगे।
निहारिका की यह ऐतिहासिक उपलब्धि हिमाचल प्रदेश में कुराश खेल के उज्ज्वल भविष्य की नई शुरुआत है। सीमित संसाधनों के बावजूद प्रदेश के खिलाड़ियों का विश्व मंच तक पहुंचना खेल जगत के लिए एक बड़ी प्रेरणा है। हिमाचल की बेटी निहारिका राणा को इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई!
सोलन : निहारिका राणा ने रचा इतिहास, हिमाचल की पहली वर्ल्ड कुराश चैंपियनशिप मेडलिस्ट बनीं, कांगड़ा की बेटी ने अस्ताना में जीता ब्रॉन्ज मेडल, 70 देशों के खिलाड़ियों के बीच चमकाया भारत का नाम