सोलन : दिवाली पर खान-पान और पटाखों को लेकर बरतें सावधानी, CMO ने जारी की स्वास्थ्य गाइडलाइंस

सोलन। दीपावली के त्योहार को सुरक्षित और स्वस्थ तरीके से मनाने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. अजय पाठक ने जिलावासियों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने सभी को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि त्योहार की खुशियों के बीच स्वास्थ्य और सुरक्षा का ध्यान रखना भी जरूरी है। उन्होंने कामना की कि मां लक्ष्मी और प्रभु श्रीराम की कृपा से सभी का जीवन सुख, समृद्धि और खुशहाली से भरा रहे।
डॉ. अजय पाठक ने कहा कि दीपावली के दौरान बाजार में मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में लोगों को मिलावटी और दूषित खाद्य सामग्री से बचना चाहिए। हमेशा साफ-सुथरा और ताजा भोजन करें तथा अपनी पाचन क्षमता के अनुसार ही खान-पान रखें। अधिक मात्रा में मिठाइयां और तली-भुनी चीजें खाने से भी बचना चाहिए।
पटाखे चलाने को लेकर उन्होंने कहा कि बचाव हमेशा इलाज से बेहतर होता है। बच्चों को कभी भी अकेले पटाखे नहीं चलाने देने चाहिए। उन्हें बड़ों की देखरेख में ही आतिशबाजी करनी चाहिए। पटाखे जलाते समय पर्याप्त दूरी बनाए रखें और आंखों व कानों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें। तेज आवाज वाले पटाखे सुनने की क्षमता को नुकसान पहुंचा सकते हैं, जबकि चिंगारी आंखों को गंभीर रूप से प्रभावित कर सकती है।
उन्होंने सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों को पटाखों के धुएं से दूर रहने की सलाह दी। अधिक धुआं सांस लेने में परेशानी बढ़ा सकता है।
सीएमओ ने बताया कि पटाखों से जलने की स्थिति में प्रभावित हिस्से को तुरंत नल के बहते ठंडे पानी के नीचे रखकर अच्छी तरह ठंडा करें। इससे जलन और ऊतकों को होने वाले नुकसान को कम करने में मदद मिलती है। गंभीर रूप से जलने पर घरेलू उपचार में समय गंवाने के बजाय तुरंत चिकित्सकीय सहायता लें। आवश्यकता पड़ने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचें। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य संस्थानों में 24 घंटे चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *