सोलन : गुरुकुल स्कूल के वार्षिकोत्सव में दिखी विद्यार्थियों की प्रतिभा, मेयर सुषमा शर्मा ने की सराहना

सोलन। गुरुकुल स्कूल के 20 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में वार्षिकोत्सव समारोह का आयोजन किया गया। इसमें नगर निगम सोलन की मेयर सुषमा शर्मा ने विशेष रूप से शिरकत की। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों को सराहा और विद्यालय के दो दशक के सफर की प्रशंसा की।
मेयर सुषमा शर्मा ने कहा कि किसी भी शिक्षण संस्थान के लिए 20 वर्षों का सफर महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इस अवसर पर आयोजित वार्षिकोत्सव में प्री-नर्सरी से लेकर जमा दो कक्षा तक के विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बच्चों ने अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और अनुशासन का शानदार प्रदर्शन किया। उनकी प्रस्तुतियों में भारतीय संस्कृति, संस्कारों और शिष्टाचार की झलक देखने को मिली।
उन्होंने कहा कि छोटे बच्चों से लेकर वरिष्ठ कक्षाओं के विद्यार्थियों तक सभी ने पूरे उत्साह और तालमेल के साथ मंच पर अपनी प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम में विद्यार्थियों की प्रतिभा और उनकी तैयारी देखकर वह काफी प्रभावित हुईं। प्रत्येक प्रस्तुति में बच्चों की मेहनत के साथ-साथ शिक्षकों के मार्गदर्शन और समर्पण की झलक भी स्पष्ट दिखाई दी।
मेयर ने विद्यालय के शिक्षकों और प्रबंधन की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों को शिक्षा के साथ सांस्कृतिक गतिविधियों में भाग लेने के अवसर देना उनके सर्वांगीण विकास के लिए जरूरी है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के भीतर छिपी प्रतिभा को निखारने और उनमें आत्मविश्वास विकसित करने का माध्यम बनते हैं।
उन्होंने कहा कि गुरुकुल स्कूल का प्रबंधन संस्थान को बेहतर ढंग से संचालित कर रहा है। विद्यालय ने दो दशकों के दौरान शिक्षा के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने समाज के लोगों और अभिभावकों से भी संस्थान को सहयोग देने की अपील की, ताकि विद्यालय भविष्य में भी निरंतर प्रगति करता रहे।
मेयर ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बच्चों की प्रतिभा और शिक्षकों की मेहनत किसी भी संस्थान की वास्तविक पहचान होती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *