सोलन। दीवाली के त्योहार को देखते हुए शहर के स्थानीय निवासियों और व्यापारियों ने लोगों से आतिशबाजी के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान आगजनी की घटनाओं से बचने के लिए पहले से सुरक्षा इंतजाम करना जरूरी है। लोगों को घरों और दुकानों में रेत, पानी तथा अग्निशमन यंत्र उपलब्ध रखने चाहिए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कदम उठाया जा सके।
स्थानीय निवासी एवं व्यापारी विजय दुग्गल ने सोलनवासियों को दीवाली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि लोगों को पटाखों के बजाय दीये और लाइटें जलाकर त्योहार मनाने को प्राथमिकता देनी चाहिए। पटाखों के अत्यधिक इस्तेमाल से प्रदूषण बढ़ता है। उन्होंने कहा कि बच्चों को पटाखे चलाने से रोकना मुश्किल होता है, इसलिए अग्निशमन विभाग को भी पूरी तरह तैयार रहना चाहिए। उन्होंने प्रत्येक घर में रेत की बोरी और दो से तीन बाल्टी पानी रखने की सलाह दी। साथ ही फायर एक्सटिंग्विशर उपलब्ध होने पर उसे चालू हालत में रखने की अपील की।
लोअर बाजार निवासी अमरदीप पांजा ने कहा कि नए तरह के पटाखों के कारण आगजनी का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने शामती में पटाखों की दुकान में लगी आग और पिछले वर्ष बाजार में हुई आगजनी की घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि बड़ी पटाखा दुकानों और शोरूम में फायर सिलेंडर अनिवार्य होने चाहिए। उन्होंने लोगों से आपात स्थिति में भगदड़ मचाने के बजाय संयम बरतने की अपील की।
माल रोड स्थित पम्मी जनरल स्टोर के संचालक पम्मी ने भी घरों और दुकानों में रेत व पानी का उचित प्रबंध रखने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि बच्चों की आतिशबाजी के दौरान विशेष निगरानी जरूरी है, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
सोलन : दीवाली पर आगजनी से बचाव के लिए सतर्कता जरूरी, घरों और दुकानों में रखें रेत-पानी का इंतजाम