सोलन। जिला बार एसोसिएशन सोलन ने जिले में स्थायी उपभोक्ता अदालत स्थापित करने की मांग उठाई है। इस संबंध में एसोसिएशन की ओर से मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर मामले में जल्द उचित कार्रवाई करने का आग्रह किया गया है। इस दौरान बार एसोसिएशन के प्रधान केएस कटोच भी उपस्थित रहे।
जिला बार एसोसिएशन के सचिव एवं अधिवक्ता नितीश ठाकुर ने बताया कि सोलन में लंबे समय से केवल अस्थायी कैंप कोर्ट के माध्यम से उपभोक्ता मामलों की सुनवाई हो रही है, जो महीने में मात्र तीन दिन बैठती है। इसके चलते उपभोक्ताओं से जुड़े कई मामले पिछले पांच से सात वर्षों से लंबित हैं। इससे आम लोगों को समय पर न्याय मिलने में परेशानी हो रही है।
उन्होंने कहा कि सोलन जिला प्रदेश का प्रमुख आर्थिक केंद्र है और यहां उपभोक्ताओं से जुड़े मामलों की संख्या भी अधिक है। ऐसे में जिले में स्थायी उपभोक्ता अदालत की स्थापना समय की आवश्यकता है। इससे लोगों को अपने मामलों की सुनवाई के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा और न्यायिक प्रक्रिया में भी तेजी आएगी।
नितीश ठाकुर ने बताया कि इस ज्ञापन की प्रतियां स्थानीय मंत्रियों और जिले के सभी विधायकों को भी भेजी गई हैं, ताकि वे इस जनहित के मुद्दे को सरकार के समक्ष उठाएं। बार एसोसिएशन ने सरकार से मांग की है कि सोलन में स्थायी उपभोक्ता अदालत स्थापित करने की दिशा में जल्द निर्णय लिया जाए।
सोलन में स्थायी उपभोक्ता अदालत खोलने की मांग, बार एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन