सोलन। जिला परिषद सोलन की अध्यक्ष सुश्री शीला ने बताया कि जिले में पिछले तीन महीनों से चल रहे पंचायती राज प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत लगभग सभी ब्लॉकों में प्रशिक्षण कार्य पूरा कर लिया गया है। कार्यक्रम के अंतिम चरण में कुनिहार ब्लॉक की 25 पंचायतों के प्रतिनिधियों को चार दिवसीय प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के लिए 50 प्रतिनिधियों का बैच बनाया गया, जिसमें 25 पंचायत प्रधान और 25 उपप्रधान शामिल रहे। उन्होंने पंचायती राज विभाग के निदेशक, संयुक्त निदेशक, सचिव और अन्य अधिकारियों का आभार जताते हुए कहा कि इस बार नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों को जमीनी स्तर पर काम शुरू करने से पहले ही प्रशिक्षण देने की पहल सराहनीय है।
शीला ने कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों के अधिकारों और कार्यप्रणाली से संबंधित नियम एक्ट और पुस्तकों में उपलब्ध हैं, लेकिन उनका सही तरीके से इस्तेमाल करने के लिए व्यावहारिक जानकारी होना भी जरूरी है। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिनिधियों को सरकारी नियमों, वित्तीय प्रक्रियाओं और विकास कार्यों के क्रियान्वयन की जानकारी दी गई।
उन्होंने बताया कि शिविर में स्ट्रीट लाइट सहित अन्य सामान की खरीद के लिए निर्धारित नियमों और स्वीकृत एजेंसियों के माध्यम से खरीदारी करने की प्रक्रिया समझाई गई, ताकि भविष्य में ऑडिट आपत्तियों और रिकवरी जैसी समस्याओं से बचा जा सके। इसके अलावा रास्तों और सड़कों के निर्माण, महिला मंडलों से जुड़े कार्यों तथा स्वच्छता प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी प्रशिक्षण दिया गया।
जिला परिषद अध्यक्ष ने कहा कि प्रशिक्षण से पंचायत प्रतिनिधियों को अपने अधिकारों, जिम्मेदारियों और सरकारी प्रक्रियाओं को समझने में मदद मिली है। इससे वे अपनी-अपनी पंचायतों में विकास कार्यों को नियमानुसार और अधिक प्रभावी ढंग से पूरा कर सकेंगे। उन्होंने प्रशिक्षण कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अधिकारियों और मीडिया का भी आभार व्यक्त किया।