सोलन। जिला सोलन को टीबी मुक्त बनाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की ओर से विशेष जागरूकता एवं स्वास्थ्य जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में सोमवार को सोलन के वार्ड नंबर-12 में निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 100 से अधिक लोगों ने पहुंचकर अपनी स्वास्थ्य जांच करवाई और विभाग की ओर से दी जा रही निशुल्क स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठाया।
‘टीबी हारेगा, सोलन जीतेगा’ अभियान के तहत आयोजित इस शिविर में लोगों के ब्लड प्रेशर, शुगर सहित अन्य जरूरी स्वास्थ्य जांच की गई। इसके अलावा जरूरतमंद लोगों को निशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लोगों को टीबी के लक्षणों, बचाव और समय पर उपचार करवाने के महत्व के बारे में जानकारी दी। जांच के दौरान टीबी के संदिग्ध लक्षण पाए जाने वाले लोगों को आगे की जांच के लिए क्षेत्रीय अस्पताल सोलन भेजने की सलाह दी गई।
शिविर की संयोजक एवं स्वास्थ्य विभाग की प्रतिनिधि मोनिका गौतम ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य लोगों को टीबी के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ उनकी सामान्य स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित करना था। उन्होंने बताया कि शिविर में 100 से अधिक लोगों ने भाग लिया और बीपी, शुगर सहित विभिन्न जांचों की सुविधा प्राप्त की।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जांच के दौरान टीबी के संभावित लक्षणों वाले लोगों की पहचान कर उन्हें आवश्यक जांच करवाने के लिए स्वास्थ्य केंद्रों में जाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि टीबी की समय पर पहचान और पूरा उपचार इस बीमारी को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
मोनिका गौतम ने बताया कि अभियान का लक्ष्य टीबी को जड़ से समाप्त करना और जिले के प्रत्येक व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है। उन्होंने लोगों से अपील की कि टीबी के लक्षण दिखाई देने पर जांच करवाने में देरी न करें और स्वास्थ्य विभाग के अभियान में सहयोग दें।