हिमाचल प्रदेश में स्थानीय व्यापारियों को डिजिटल कारोबार से जोड़ने और ग्राहकों को घर बैठे खरीदारी की सुविधा उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से क्यूट रिटेल प्राइवेट लिमिटेड ने सोलन में अपने ऑनलाइन और ऑफलाइन प्लेटफॉर्म Qkart का दूसरा स्टोर शुरू किया है। शिमला के बाद सोलन में खोले गए इस स्टोर को शहरवासियों को समर्पित किया गया। इस अवसर पर कंपनी के प्रबंध निदेशक अर्पण सूद ने बताया कि Qkart का मुख्य उद्देश्य स्थानीय दुकानदारों के कारोबार को बढ़ावा देना और ग्राहकों को उचित दामों पर सामान उपलब्ध करवाना है।
उन्होंने बताया कि Qkart बिजनेस टू बिजनेस (बी2बी), ऑनलाइन डिलीवरी और ऑफलाइन स्टोर का संयुक्त प्लेटफॉर्म है। इसके माध्यम से ग्राहक स्थानीय दुकानों से सामान ऑनलाइन मंगवा सकेंगे। कंपनी ने सोलन के संदीप वस्त्र भंडार, नाथ बूट हाउस, प्रेम जीस और बोर कैफे सहित कई स्थानीय कारोबारियों को अपने नेटवर्क से जोड़ा है। ग्राहक एंड्रॉयड और आईओएस मोबाइल पर QKART ऐप डाउनलोड कर शहर में होम डिलीवरी सुविधा का लाभ उठा सकते हैं।
अर्पण सूद ने बताया कि ऑनलाइन खरीदारी करने पर ग्राहकों को सामान उसी कीमत पर उपलब्ध करवाया जाएगा, जिस कीमत पर संबंधित दुकानदार अपनी दुकान में बेचता है। स्थानीय व्यापारियों को प्रोत्साहित करने के लिए शुरुआती छह महीनों तक कोई प्लेटफॉर्म शुल्क नहीं लिया जाएगा। स्टोर के उद्घाटन पर ग्राहकों को सद्भावना स्वरूप देसी खांड भी वितरित की जा रही है।
उन्होंने बताया कि इस प्लेटफॉर्म की परिकल्पना शिमला में भारी बारिश और आपदा के दौरान लोगों को रोजमर्रा की वस्तुएं खरीदने में आई परेशानियों से हुई थी। पेशे से इंजीनियर सूद ने अमेरिका और ब्रिटेन में अमेजन से जुड़े अपने इंजीनियर साथियों के सहयोग से इसका सॉफ्टवेयर तैयार किया। उन्होंने कहा कि यह अमेजन, फ्लिपकार्ट और जोमैटो जैसी सेवाओं का संयुक्त हाइब्रिड मॉडल है। इससे लोगों का समय बचेगा और स्थानीय दुकानदारों को डिजिटल बाजार में अपनी पहुंच बढ़ाने का अवसर मिलेगा।
सोलन में खुला Qkart का दूसरा स्टोर, स्थानीय दुकानदारों को मिलेगा ऑनलाइन कारोबार का मंच