सोलन : वाकनाघाट में डिवाइडर फांद सेना के ट्रक से टकराई कार, चालक की मौत

सोलन। राष्ट्रीय राजमार्ग-5 पर वाकनाघाट के समीप वीरवार को हुए भीषण सड़क हदसे में कार चालक की मौत हो गई। शिमला की ओर से आ रही एक कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर फांदते हुए सड़क की दूसरी लेन में पहुंच गई और सामने से आ रहे सेना के ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार ट्रक से टकराने के बाद काफी पीछे तक जा गिरी और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
जानकारी के अनुसार, हादसा उस समय पेश आया जब कार शिमला की ओर से आ रही थी। वाकनाघाट के पास चालक अचानक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके चलते कार डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में पहुंच गई। इसी दौरान कार की सेना के ट्रक से जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में कार चालक वाहन के भीतर बुरी तरह फंस गया।
दुर्घटना के तुरंत बाद सेना के जवानों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। जवानों ने कड़ी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त कार में फंसे चालक को बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल चालक को उपचार के लिए आईजीएमसी शिमला ले जाया जा रहा था, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया।
एएसपी सोलन रमेश शर्मा ने हादसे की पुष्टि की है। हादसे के कारणों को लेकर पुलिस की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *