सोलन। हिमाचल में सत्ता कांग्रेस की, लेकिन सहकारिता संघ के अध्यक्ष पद पर भाजपा का परचम! सोलन जिला सहकारी विपणन एवं उपभोक्ता संघ के चुनाव में भाजपा समर्थित पैनल की जीत ने सियासी हलकों में हलचल मचा दी है। पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डॉ. राजीव सैजल ने इस जीत पर हुंकार भरते हुए इसे कांग्रेस सरकार की कथित धक्केशाही पर करारा जवाब बताया।
हाईकोर्ट के आदेश के बाद हुए चुनाव में सुंदरम ठाकुर को सर्वसम्मति से अध्यक्ष और कंडाघाट जोन के कपिल शर्मा को उपाध्यक्ष चुना गया। दरअसल, संघ में की गई नामांकनों को लेकर विवाद अदालत पहुंचा था। सुंदरम ठाकुर की याचिका पर हाईकोर्ट ने पूर्व नामांकनों और चुनाव को रद्द करते हुए 31 अक्टूबर से पहले दोबारा चुनाव कराने के निर्देश दिए थे।
डॉ. राजीव सैजल ने कहा कि सरकार ने नियमों को ताक पर रखकर नामांकन किए थे, जिन्हें हाईकोर्ट में चुनौती दी गई। अदालत के फैसले के बाद हुए चुनाव में भाजपा समर्थित नेतृत्व का चुना जाना पार्टी के लिए बड़ी उपलब्धि है।
सैजल ने इसे भाजपा की संगठनात्मक मजबूती का प्रमाण बताते हुए कहा कि कांग्रेस सत्ता में होने के बावजूद सहकारिता के इस अहम संस्थान में अध्यक्ष पद हासिल नहीं कर सकी। वहीं, नवनिर्वाचित अध्यक्ष सुंदरम ठाकुर ने सभी सहयोगियों का आभार जताते हुए संघ को साथ लेकर आगे बढ़ाने का भरोसा दिलाया।
सोलन : सत्ता कांग्रेस की, अध्यक्ष पद पर भाजपा का कब्जा! राजीव सैजल ने भरी हुंकार