सोलन में सतर्कता जागरूकता सप्ताह शुरू, भ्रष्टाचार के खिलाफ लोगों को किया जाएगा जागरूक

सोलन। स्टेट विजिलेंस एंड एंटी करप्शन ब्यूरो सोलन की ओर से सतर्कता जागरूकता सप्ताह का शुभारंभ किया गया। इस वर्ष अभियान की थीम ‘प्रोबिटी फॉर प्रोस्पेरिटी’ यानी समृद्धि के लिए सत्यनिष्ठा रखी गई है। कार्यक्रम के दौरान पुलिस उपअधीक्षक अरुण मोदी ने अभियान की रूपरेखा साझा करते हुए लोगों से भ्रष्टाचार के विरुद्ध सजग रहने और ईमानदारी को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने की अपील की।
अभियान की शुरुआत ब्यूरो के अधिकारियों और कर्मचारियों सहित उपस्थित लोगों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाकर की गई। डीएसपी अरुण मोदी ने कहा कि भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था के निर्माण में सरकारी विभागों के साथ आम नागरिकों की भूमिका भी महत्वपूर्ण है। समाज में ईमानदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही की भावना मजबूत होने से विकास कार्यों को गति मिलती है और लोगों का संस्थाओं पर विश्वास बढ़ता है।
उन्होंने बताया कि सतर्कता जागरूकता सप्ताह के दौरान स्कूलों, कॉलेजों और विभिन्न पंचायतों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विद्यार्थियों को भ्रष्टाचार के दुष्प्रभावों और ईमानदारी के महत्व से अवगत करवाने के लिए प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं भी करवाई जाएंगी। इन गतिविधियों का उद्देश्य युवाओं में नैतिक मूल्यों को बढ़ावा देना और उन्हें भ्रष्टाचार के विरुद्ध जागरूक नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना है।
डीएसपी ने बताया कि अभियान के तहत सोलन के पुराने बस स्टैंड से मशरूम चौक तक और मालरोड पर नुक्कड़ नाटकों का आयोजन किया जाएगा। इनके माध्यम से आम जनता को भ्रष्टाचार के विभिन्न पहलुओं और इससे बचाव के उपायों की जानकारी दी जाएगी। इसके अतिरिक्त विभिन्न सरकारी विभागों के सहयोग से भी विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित होंगे।
अरुण मोदी ने नागरिकों से अपील की कि वे भ्रष्टाचार से संबंधित मामलों के प्रति सजग रहें और किसी भी अनुचित गतिविधि को नजरअंदाज न करें। उन्होंने कहा कि सत्यनिष्ठा और ईमानदारी को अपनाकर ही समृद्ध एवं जिम्मेदार समाज का निर्माण किया जा सकता है। सतर्कता जागरूकता सप्ताह के माध्यम से लोगों को भ्रष्टाचार के खिलाफ सामूहिक जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *